सोशल मीडिया पर इन दिनों पुराना फैशन और नया AI मिलकर खूब धूम मचा रहा है. Instagram खोलते ही आपको ऐसी तस्वीरें नजर आ सकती हैं, जिनमें लोग 1980 के दशक के हेयरस्टाइल, कपड़ों और फिल्मी अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. खास बात यह है कि ये तस्वीरें किसी पुराने फोटोशूट की नहीं, बल्कि AI की मदद से बनाई जा रही हैं. इसे ChatGPT 80s फोटो ट्रेंड कहा जा रहा है, जो 2026 के वायरल AI फोटो ट्रेंड्स में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. हालांकि, अभी कई लोगों को ये नहीं पता कि आखिर ये फोटो बनाते कैसे हैं? अगर आप भी इस फोटो को बनाने के लिए परफेक्ट पॉम्पट की तलाश में हैं तो चलिए हम आपको बताते हैं कि, आखिर ये फोटो बनाई कैसे जाए.
क्या है ChatGPT 80s फोटो ट्रेंड
इस ट्रेंड में लोग अपनी सामान्य सेल्फी को AI की मदद से 1980 के दशक के रेट्रो पोर्ट्रेट में बदल रहे हैं. इसके लिए ChatGPT में अपनी तस्वीर अपलोड करके उसे 80s के फैशन और फोटोशूट जैसा लुक देने के लिए कहा जाता है. AI तस्वीर में चेहरे की पहचान और नेचुरल स्किन टोन को बनाए रखते हुए बड़े और घने बाल, पुराने जमाने के कपड़े, स्टाइलिश ज्वेलरी, गर्म रोशनी और फिल्म जैसी ग्रेन जोड़ देता है. बैकग्राउंड में डिस्को, स्टूडियो या पुराने फोटो एल्बम जैसा माहौल भी बनाया जा सकता है.
क्यों वायरल हो रहा है ये ट्रेंड
इस ट्रेंड की सबसे बड़ी खासियत है इसका नॉस्टैल्जिक यानी पुराने दौर की याद दिलाने वाला अंदाज. 80s का फैशन, बॉलीवुड फिल्मों जैसा स्टाइल और पुराने कैमरे की तस्वीरों जैसा टेक्सचर लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है. इसके अलावा AI की मदद से कुछ ही समय में खुद को एक अलग दौर में देख पाना भी लोगों को पसंद आ रहा है. Instagram पर लोग इन तस्वीरों को Reels और Add Yours स्टिकर के जरिए शेयर कर रहे हैं. इससे ट्रेंड तेजी से दूसरे यूजर्स तक पहुंच रहा है.
ऐसे बनाएं अपनी 80s वाली तस्वीर
इसके लिए ChatGPT में नया चैट खोलें और अपनी एक साफ और अच्छी रोशनी वाली फोटो अपलोड करें. इसके बाद बताएं कि आप अपनी तस्वीर को किस तरह का 80s लुक देना चाहते हैं. कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और फोटो का मूड जितना स्पष्ट बताएंगे, रिजल्ट उतना ही बेहतर आ सकता है.
प्रॉम्प्ट में यह भी लिखें कि चेहरे की पहचान और नेचुरल स्किन टोन को बदला न जाए. अगर पहली तस्वीर पसंद नहीं आती है, तो दोबारा पूरी प्रक्रिया करने के बजाय उसी तस्वीर में छोटे-छोटे बदलाव बताकर रिजल्ट को बेहतर किया जा सकता है.
ये प्रॉम्प्ट कर सकते हैं ट्राई
'Reimagine this image as a glamorous 1980s Indian film portrait. Retain the subject's recognisable facial features and natural skin tone. Add voluminous, softly curled hair, a bold and colourful outfit, statement jewellery, warm studio-style lighting, rich cinematic tones and a subtle vintage film grain. Ensure the final image looks realistic, polished and elegant.'
लुक को बनाएं और खास
सिर्फ 'इसे 80s जैसा बना दो' लिखने के बजाय आप बॉलीवुड स्टूडियो पोर्ट्रेट, पुराना फैमिली एल्बम, रेट्रो डिस्को, विंटेज वेडिंग फोटो या पुराने मैगजीन कवर जैसा लुक भी चुन सकते हैं. साड़ी, बौफैंट हेयरस्टाइल, फ्लेयर्ड पैंट, प्रिंटेड शर्ट और पुराने कैमरे जैसी डिटेल जोड़कर तस्वीर को ज्यादा पर्सनल और यूनिक बनाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: