फ्रीजर में बर्फ जमना एक आम समस्या है, लेकिन समय रहते इसे साफ न किया जाए तो यह बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. ज्यादा बर्फ जमने से फ्रीजर की जगह कम हो जाती है, ठंडक प्रभावित होती है और बिजली की खपत भी बढ़ जाती है. कई बार दराजें भी जाम हो जाती हैं और खाने-पीने का सामान खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. खासकर उन फ्रीजरों में जहां ऑटो-डिफ्रॉस्ट या डिफ्रॉस्ट बटन नहीं होता, यह समस्या और गंभीर हो सकती है. हालांकि कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से बिना डिफ्रॉस्ट फीचर के भी जमी हुई बर्फ को आसानी से हटाया जा सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं इस तरीकों के बारे में.
फ्रीजर बंद करें और सामान निकाल लें
बर्फ हटाने से पहले फ्रीजर का प्लग निकाल दें. इसके बाद फ्रीजर में रखा सारा सामान किसी कूलर बैग या आइस पैक वाले कंटेनर में रख दें ताकि वह खराब न हो.
गर्म पानी की भाप का करें इस्तेमाल
एक बर्तन में पानी उबालें और उसे हीट-सेफ कटोरियों में भरकर फ्रीजर के अंदर रखें. कटोरी के नीचे मोटा तौलिया या स्टैंड जरूर रखें. फ्रीजर का दरवाजा बंद कर दें और 10 से 15 मिनट तक भाप को काम करने दें. इससे बर्फ ढीली पड़ने लगेगी.
ऐसे हटाएं बर्फ
जब बर्फ नरम हो जाए तो प्लास्टिक स्पैचुला, स्क्रेपर या लकड़ी के चम्मच की मदद से उसे धीरे-धीरे निकालें.
हेयर ड्रायर भी आ सकता है काम
जिद्दी बर्फ को हटाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे कम या मध्यम तापमान पर चलाएं और सुरक्षित दूरी से बर्फ पर हवा दें. ध्यान रखें कि ड्रायर का पानी से संपर्क न हो.
गर्म तौलिये और रबिंग अल्कोहल का उपाय
गर्म पानी में तौलिया भिगोकर बर्फ पर कुछ मिनट के लिए रखें. इससे बर्फ जल्दी ढीली हो जाएगी. वहीं हल्की बर्फ के लिए गर्म पानी और रबिंग अल्कोहल के मिश्रण को स्प्रे बोतल में भरकर छिड़काव किया जा सकता है.
बर्फ जमने से कैसे बचें
फ्रीजर का दरवाजा हमेशा अच्छी तरह बंद रखें. ज्यादा देर तक दरवाजा खुला न छोड़ें.
डोर सील में किसी तरह की दरार या लीकेज हो तो उसे तुरंत ठीक कराएं.
गर्म खाने को ठंडा करके ही फ्रीजर में रखें और फ्रीजर को जरूरत से ज्यादा न भरें.
ये भी पढ़ें: