Advertisement

Hibiscus Plant Care Tips: नहीं खिल रहा गुड़हल का फूल? आज ही कर लें ये उपाय, लाल-लाल फूलों से भर जाएगा बगान

यदि आपका गुड़हल का पौधा हरा-भरा होने के बावजूद फूल नहीं दे रहा है, तो इसकी वजह धूप, पानी और पोषण की कमी हो सकती है. जानें 5 ऐसे गार्डनिंग टिप्स, जिनसे गुड़हल का पौधा फूलों से भर जाएगा.

hibiscus Care Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST

गुड़हल का पौधा घर के बगीचे या बालकनी में हो और उसमें लाल-लाल फूल न खिलें, तो लोगों को लगता है कि पौधे में ही कोई कमी है. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. कई बार पौधा हरा-भरा होता है, पत्तियां भी अच्छी रहती हैं, फिर भी फूल कम आते हैं या कलियां खिलने से पहले ही गिर जाती हैं. इसकी वजह पौधे को मिलने वाली धूप, पानी, मिट्टी, खाद और कटाई-छंटाई से जुड़ी हो सकती है. वैज्ञानिक तौर पर गुड़हल को अच्छी रोशनी, पर्याप्त नमी लेकिन अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी और सही पोषण की जरूरत होती है.

सबसे पहले देखें पौधे को कितनी धूप मिल रही है
गुड़हल में फूल कम आने की सबसे आम वजहों में से एक पर्याप्त रोशनी न मिलना हो सकती है. गुड़हल धूप में बेहतर बढ़ता है. ज्यादा छाया में पौधा पत्तियां तो खूब निकाल सकता है, लेकिन फूलों की संख्या कम हो सकती है. इसलिए अगर आपका गुड़हल ऐसी जगह रखा है जहां दिनभर छाया रहती है, तो उसकी जगह बदलकर ज्यादा रोशनी वाली जगह पर रखें. करीब 5-6 घंटे की धूप काफी होगी फूल आने के लिए. 

पानी ज्यादा देना भी पड़ सकता है भारी
गुड़हल को पानी की जरूरत होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गमला हमेशा पानी से भरा रहे. मिट्टी में लगातार पानी जमा रहने से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और फूलों की कलियां गिर सकती हैं. दूसरी तरफ मिट्टी बहुत ज्यादा सूख जाने पर भी पौधे पर तनाव पड़ सकता है और कलियां गिरने लगती हैं. इसलिए पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जांच लें. गमले में नीचे से पानी निकलने की सही व्यवस्था जरूर होनी चाहिए, ताकि अतिरिक्त पानी जड़ों के पास जमा न हो.

खाद डालें, लेकिन ज्यादा नहीं
गुड़हल को बढ़ने और फूल देने के लिए पोषक तत्वों की जरूरत होती है. लेकिन यहां एक गलती पौधे को फूलों से दूर कर देती है और वह है जरूरत से ज्यादा खाद डालना. विशेषज्ञों के मुताबिक, बहुत ज्यादा खाद देने पर पौधा ज्यादा पत्तियां और हरी बढ़त देने लग सकता है, लेकिन फूल कम हो सकते हैं. खासकर जरूरत से ज्यादा खाद कलियां गिरने की वजह भी बन सकती है. 

पौधे की कटाई-छंटाई भी है जरूरी
अगर गुड़हल की शाखाएं बहुत ज्यादा फैल गई हैं या कुछ शाखाएं कमजोर और सूखी हैं, तो हल्की छंटाई मददगार हो सकती है. गुड़हल में फूल नई बढ़त पर आते हैं, इसलिए सही समय पर छंटाई करने से नई शाखाएं निकलने और फूलों की संख्या बढ़ने में मदद मिल सकती है.

सूखे फूल और कमजोर शाखाएं हटाते रहें
गुड़हल में जो फूल खिलकर सूख चुके हैं, उन्हें समय-समय पर हटा देना पौधे की देखभाल का हिस्सा है. इससे पौधे के अंदर हवा का आवागमन बेहतर रहता है और नई बढ़त के लिए जगह मिलती है.

गुड़हल में ज्यादा फूल लाने के लिए कोई एक ऐसा उपाय नहीं है जो हर पौधे पर एक जैसा काम करे. पौधे की किस्म, मौसम और उसकी मौजूदा स्थिति के हिसाब से जरूरत बदल सकती है. लेकिन पर्याप्त धूप, संतुलित पानी, अच्छी जल निकासी, जरूरत के मुताबिक खाद और सही समय पर छंटाई, ये सभी चीजें मिलकर पौधे की अच्छी बढ़त और फूल आने में मदद करती हैं.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement