मानसून अब लगभग खत्म होने की कगार पर है और धीरे-धीरे मौसम में ठंडक घुलने लगी है. ऐसे में अगर आप ठंड की शुरुआत से पहले अपने घर की बालकनी या छत के गमले में हरी मिर्च का पौधा लगाना चाहते हैं, तो यह सही समय है. हरी मिर्च का पौधा ज्यादा जगह नहीं लेता और थोड़ी देखभाल के साथ लंबे समय तक मिर्च देता रहता है. खास बात यह है कि घर में पड़े गमले में भी इसे आसानी से उगाया जा सकता है. आइए जानते हैं बीज से पौधा तैयार करने से लेकर खाद और पानी देने तक का आसान तरीका...
बीज से पौधा तैयार करने के लिए मिट्टी कैसे बनाएं
हरी मिर्च के बीज लगाने के लिए 50% सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30% वर्मीकम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद और 20% रेत या कोकोपीट मिला सकते हैं. इससे मिट्टी हल्की रहेगी और जड़ों में पानी जमा नहीं होगा. अगर घर में पुरानी मिर्च पड़ी है तो उसकी पकी हुई मिर्च से भी बीज निकाले जा सकते हैं. बीज निकालकर उन्हें एक दिन छाया में सुखाएं. इसके बाद तैयार मिट्टी में करीब आधा से एक सेंटीमीटर गहराई में बीज डालें और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें.
बीज डालने के बाद रखें इन बातों का ध्यान
बीज वाली मिट्टी में पानी का छिड़काव करें. तेज धार से पानी डालने पर बीज अपनी जगह से बाहर आ सकते हैं. गमले को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिलती हो. आमतौर पर मौसम और देखभाल के हिसाब से 7 से 15 दिन में बीज अंकुरित होने लगते हैं. जब पौधे में 4-5 पत्तियां आ जाएं और वह थोड़ा मजबूत दिखने लगे, तब इसे बड़े गमले में लगाया जा सकता है.
गमले का आकार कितना होना चाहिए
एक मिर्च के पौधे के लिए कम से कम 10-12 इंच गहरा और चौड़ा गमला ठीक रहता है. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए. एक गमले में बहुत ज्यादा पौधे लगाने से उनकी जड़ों को पर्याप्त जगह नहीं मिलेगी और पौधा बढ़ नहीं पाएगा. पौधा लगाने के बाद उसे ऐसी जगह रखें जहां रोजाना करीब 5-6 घंटे धूप मिल सके. बहुत तेज दोपहर की धूप में छोटा पौधा मुरझा सकता है. इसलिए उसे छायादार जगह पर रखें.
हरी मिर्च के पौधे में कौन सी खाद डालें
मिर्च के पौधे को बहुत ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती. हर 15-20 दिन में पौधे की मिट्टी में थोड़ी मात्रा में वर्मीकम्पोस्ट, गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद या कंपोस्ट मिला सकते हैं. जब पौधा बड़ा होने लगे और उसमें फूल आने लगें, तब खाद की मात्रा जरूरत के मुताबिक रखनी चाहिए. बहुत ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद देने से पत्तियां तो खूब बढ़ सकती हैं, लेकिन फूल और मिर्च नहीं आएंगे.
मिर्च के पौधे को पानी कितना और कब दें
मिर्च के पौधे को पानी देते समय सबसे जरूरी बात है कि गमले में पानी जमा न हो. ऊपर की मिट्टी सूखी दिखाई दे तो पानी दें. मानसून के बाद नमी ज्यादा रहने पर रोजाना पानी देने की जरूरत नहीं होती. सुबह या शाम के समय पानी देना बेहतर रहता है. अगर गमले की मिट्टी लगातार गीली रहती है तो पानी कम करें, क्योंकि ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं.
मिर्च का पौधा कितने दिन में तैयार होता है
बीज से लगाने पर शुरुआती पौधा करीब 3-4 सप्ताह में अच्छी तरह विकसित होने लगता है. सामान्य देखभाल और अनुकूल मौसम में लगभग 60-90 दिन में पौधे पर मिर्च आना शुरू हो सकती है.