अगर आपको भी भिंडी खाना पसंद है और घर की बालकनी या छत पर थोड़ी सी भी खाली जगह है, तो इस बार गमले में ही भिंडी का पौधा लगा सकते हैं. इसे उगाने में आपको ज्यादा जगह की जरूरत नहीं पड़ेगी और सही देखभाल मिलने पर पौधे में कुछ ही दिनों बाद ही भिंडी भी आने लगेगी. घर में उगी ताजी-हरी भिंडी तोड़कर सीधे किचन में पहुंच जाए, इससे अच्छी बात क्या होगी. ये खाने में बाजार वाली भिंडी से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट भी लगेगी.
भिंडी लगाने का सही समय
भिंडी गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ने वाली सब्जी है. इसे लगाने के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां पौधे को अच्छी धूप मिल सके. बीज लगाने के बाद धीरे-धीरे पौधा बढ़ने लगता है. अच्छी धूप, पानी और देखभाल मिलने पर आप घर के गमले में भी अच्छी भिंडी उगा सकते हैं.
गमला कैसा होना चाहिए?
भिंडी का पौधा ऊपर की ओर बढ़ता है और इसकी जड़ों को भी जगह चाहिए होती है. इसलिए बहुत छोटा गमला लेने से बचें. कम से कम 12 से 15 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग लेना बेहतर रहेगा. नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए, ताकि गमले में पानी जमा न रहे.
मिट्टी तैयार करने का तरीका
भिंडी के लिए मिट्टी को हल्का और भुरभुरा रखना जरूरी है. साधारण बगीचे की मिट्टी में गोबर की पुरानी खाद या कम्पोस्ट मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पानी रुकने के बजाय आसानी से निकल जाए. बहुत ज्यादा गीली मिट्टी पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है.
बीज कैसे लगाएं?
भिंडी के बीजों को मिट्टी में करीब एक से डेढ़ इंच गहराई पर लगाएं. एक गमले में जरूरत से ज्यादा बीज न डालें, वरना पौधों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलेगी. बीज लगाने के बाद हल्का पानी दें. मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन रोज जरूरत से ज्यादा पानी डालने की जरूरत नहीं है.
धूप मिलेगी तो बढ़ेगा पौधा
भिंडी को धूप पसंद होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को अच्छी मात्रा में सीधी धूप मिल सके. जितनी अच्छी धूप और देखभाल मिलेगी, पौधा उतना ही मजबूत बनेगा. बालकनी, छत या आंगन की धूप वाली जगह इसके लिए ठीक रहेगी.
पानी देते समय न करें ये गलती
भिंडी के पौधे को पानी जरूर चाहिए, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देना सही नहीं है. मिट्टी सूखी लगे तो पानी दें और जलभराव बिल्कुल न होने दें. बारिश के दिनों में गमले की मिट्टी पहले चेक कर लें. अगर मिट्टी पहले से गीली है, तो दोबारा पानी डालने की जरूरत नहीं होगी.
खाद कब डालनी चाहिए?
पौधा बढ़ने लगे तो समय-समय पर उसमें जैविक खाद या कम्पोस्ट डाल सकते हैं. इससे पौधे को पोषण मिलेगा और उसकी ग्रोथ बेहतर हो सकती है. खाद को पौधे के बिल्कुल तने से चिपकाकर न डालें. थोड़ी दूरी बनाकर मिट्टी में हल्के हाथ से मिला दें.
कब तोड़ें भिंडी?
भिंडी बहुत ज्यादा बड़ी और सख्त होने से पहले ही तोड़ लेनी चाहिए. कोमल और हरी भिंडी खाने में ज्यादा अच्छी लगती है. पौधे से समय पर भिंडी तोड़ते रहेंगे तो नई फलियां आने की प्रक्रिया भी बनी रहती है. थोड़ी सी देखभाल के साथ आपके गमले में उगी भिंडी घर की सब्जी का स्वाद और भी बढ़ा सकती है.
ये भी पढ़ें