moringa farming
moringa farming
सितंबर का समय है और बारिश का मौसम धीरे-धीरे खत्म होने की ओर है. इस दौरान मौसम और मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी रहती है और पौधे को बढ़ने के लिए अच्छी धूप भी मिलने लगती है. इसलिए मोरिंगा यानी सहजन का पौधा लगाने के लिए यह समय सबसे अच्छा माना जाता है. अगर आप भी मोरिंगा का पौधा लगाना चाहते हैं लेकिन जगह की कमी है, तो आप इसको घर के किसी भी साइज के गमले में भी उगा सकते हैं. एक सही आकार का गमला, पौधे की जरूरत के हिसाब की मिट्टी और थोड़ी देखभाल मिले तो घर पर ही इसकी पत्तियां और फलियां आपको इस्तेमाल के लिए मिल जाएंगी. घर में उगे होने के कारण इसके फायदे भी अनेक हैं.
गमले में लगाने के लिए कैसा गमला लें?
मोरिंगा तेजी से बढ़ने वाला पौधा है, इसलिए छोटा गमला लेने की गलती न करें. कम से कम 18 से 24 इंच गहरा और चौड़ा गमला ही लें, ताकि पौधे को ग्रो करने की जगह मिले. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर बना दें. बारिश या पानी देने के बाद गमले में जमा पानी पौधे के लिए परेशानी पैदा कर सकता है.
मिट्टी कैसे तैयार करें?
मोरिंगा के लिए ऐसी मिट्टी रखें जिसमें पानी आसानी से निकल जाए. इसके लिए आप नॉर्मल मिट्टी में ही अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट और थोड़ी रेत मिलाकर भुरभुरी मिट्टी तैयार कर सकते हैं.
मोरिंगा का पौधा कैसे लगाएं?
बीज से भी मोरिंगा उगाया जा सकता है और नर्सरी से पौधा लाकर भी लगाया जा सकता है. हालांकि एक लकड़ी से भी मोरिंगा का पौधा निकल आता है. लेकिन अगर आप बीज बो रहे हैं तो उन्हें मिट्टी में ज्यादा गहराई तक न दबाएं और मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें.
पौधे को कितनी धूप चाहिए?
मोरिंगा को अच्छी धूप पसंद है, इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोज कई घंटे सीधी धूप मिल सके. कम रोशनी वाली जगह पर रखने से पौधे की बढ़त प्रभावित हो सकती है.
पानी देते समय ये गलती न करें
मिट्टी की ऊपरी परत सूखी लगे तभी पानी दें. बार-बार पानी डालकर मिट्टी को लगातार गीला रखने से बचें, खासकर बारिश के दिनों में.
खाद की होगी जरूरत?
हां, अच्छी बढ़त और पत्तियों के लिए समय-समय पर जैविक खाद दी जा सकती है. गमले की मिट्टी में थोड़ी मात्रा में सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिला सकते हैं. खाद का इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से करें, क्योंकि बिना जरूरत ज्यादा खाद डालना सही नहीं होता है.
पौधे की छंटाई भी जरूरी है
मोरिंगा को बहुत ज्यादा लंबा होने देने के बजाय समय-समय पर इसकी ऊपरी बढ़त की कटाई-छंटाई करते रहें. इससे पौधे को ज्यादा फैलने और घर के गमले में संभालने में आसानी हो जाएगी. कुछ ही दिनों में सही देखभाल के बाद आप पाएंगी कि इसमें खाने लायक मोरिंगा निकल आए हैं. आप चाहें तो इसकी पत्तियों और फूल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें