Advertisement

घर में लगा है एलोवेरा तो आज ही बनाएं जेल, बाजार वाला जेल खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत

घर में लगे एलोवेरा पौधे की पत्तियों से आप आसानी से गाढ़ा और प्राकृतिक जेल तैयार कर सकते हैं. जानिए पीला पदार्थ हटाने से लेकर जेल निकालने, ब्लेंड करने और सही तरीके से स्टोर करने का आसान तरीका.

how to make aloe vera gel at home
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:44 PM IST

चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने और बालों को मुलायम व चमकदार बनाने के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल काफी लोग करते हैं. लेकिन बाजार में मिलने वाले पैक्ड एलोवेरा जेल में प्रिजर्वेटिव्स, आर्टिफिशियल कलर और दूसरे केमिकल्स मिल सकते हैं. ऐसे में अगर आपके घर में एलोवेरा का पौधा है, तो आप इसकी ताजी पत्तियों से घर पर ही जेल तैयार कर सकते हैं. हालांकि, जेल निकालते समय एलोवेरा की पत्ती से निकलने वाले पीले पदार्थ को हटाना बेहद जरूरी है. तो आइए जानते हैं घर पर गाढ़ा और प्राकृतिक एलोवेरा जेल बनाने का आसान तरीका.

एलोवेरा जेल बनाने के लिए सामग्री
एलोवेरा की 2 से 3 ताजी और मोटी पत्तियां
2 विटामिन ई कैप्सूल
1 छोटा चम्मच नींबू का रस या गुलाब जल
मिक्सी या ब्लेंडर
साफ और सूखी कांच की शीशी

सबसे पहले निकालें पीला पदार्थ
एलोवेरा की पौधे की नीचे की तरफ वाली मोटी और पकी हुई पत्तियां काट लें. इन्हें करीब 15 से 20 मिनट तक किसी बर्तन में सीधा खड़ा करके रखें. ऐसा करने से पत्ती से निकलने वाला पीला और कड़वा रस बाहर निकल जाएगा. इसके बाद पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धोकर कपड़े से सुखा लें.

ऐसे निकालें ढेर सारा जेल
अब चाकू की मदद से पत्ती के दोनों किनारों पर मौजूद कांटेदार हिस्से हटा दें. इसके बाद पत्ती की हरी ऊपरी परत को सावधानी से छील लें. एक चम्मच की मदद से अंदर मौजूद पारदर्शी जेल को नीचे की तरफ स्क्रैप करते हुए कटोरी में निकाल लें. इसी तरह पूरी पत्ती से जेल निकाल लें.

जेल को करें स्मूथ
निकाले गए एलोवेरा जेल को ब्लेंडर में डालें. इसमें 2 विटामिन ई कैप्सूल का तेल और एक छोटा चम्मच गुलाब जल मिलाएं. इसके बाद इसे करीब 10 से 15 सेकंड तक ब्लेंड कर लें. इससे जेल का टेक्सचर स्मूथ हो जाएगा.

फ्रिज में करें स्टोर
तैयार जेल को साफ और सूखे एयरटाइट कांच के कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखें. ध्यान रखें कि घर का बना एलोवेरा जेल बिना प्रिजर्वेटिव के होता है, इसलिए इसे लंबे समय तक रखने के बजाय कम मात्रा में बनाना बेहतर है. इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, खासकर अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है.
 

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement