आमतौर पर सड़क पर भंडारा तो लोग काफी खाते हैं. साथ ही आलू की वह सब्ज़ी भी पसंद करते हैं. लेकिन उसे कभी घर पर बना नहीं पाते. भंडारे वाली आलू की सब्जी, जो बिना प्याज और लहसुन के बनाई जाती है, भारतीय रसोई में एक लोकप्रिय सब्जी है. इस स्टोरी में आपको बताएंगे कि कैसे रेसिपी में सीक्रेट मसाले और तड़के का उपयोग कर इसे बनाया जाता है.
सीक्रेट मसालों की तैयारी
सब्जी के लिए सबसे पहले सीक्रेट मसालों को तैयार किया जाता है. इसमें जीरा, साबुत धनिया और सौंफ को क्रशर कर हल्का दरदरा किया जाता है. यह मसाले सब्जी को एक अलग स्वाद और खुशबू देते हैं. इसके अलावा, खड़े मसाले जैसे तेजपत्ता, बड़ी इलायची, लौंग और साबुत काली मिर्च का उपयोग किया जाता है.
तड़के से आती है जान
सब्जी को देसी घी में तड़का दिया जाता है, जिससे उसकी खुशबू और स्वाद बढ़ जाता है. तड़के में हींग, हरी मिर्च और अदरक का उपयोग किया जाता है, जो सब्जी को एकदम चटपटी और स्वादिष्ट बनाते हैं. अदरक को जलने से बचाने के लिए इसे लो फ्लेम पर पकाया जाता है.
टमाटर देता है रंगत
सब्जी में देसी टमाटर का उपयोग किया जाता है, जिन्हें मोटे टुकड़ों में काटा जाता ह. टमाटर के साथ नमक, हल्दी, और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर मिलाया जाता है. टमाटर को पकाने के बाद धनिया पाउडर, काली मिर्च पाउडर, गर्म मसाला और कसूरी मेथी डाली जाती है, जिससे सब्जी का स्वाद और रंगत बढ़ जाती है.
आलू और तरी की तैयारी
सब्जी में उबले हुए आलू को हाथ से क्रश करके डाला जाता है. इसके बाद गर्म पानी डालकर सब्जी को पकाया जाता है. गर्म पानी से सब्जी की खुशबू और फ्लेवर बरकरार रहता है. अंत में काला नमक, आमचूर पाउडर और अदरक के जूलियन डालकर सब्जी को लो फ्लेम पर पकाया जाता है.
तड़के से सब्जी को अंतिम रूप
सब्जी को अंतिम रूप देने के लिए एक अलग तड़का तैयार किया जाता है. इसमें देसी घी, हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर का उपयोग किया जाता है. तड़के को सब्जी में डालने के बाद हरा धनिया से सजाया जाता है.