डोरिटोस चिप्स खाना बहुत से लोगों को पसंद आता है. आज हम आपको इसे घर पर बनाना सिखाएंगे. इसको बनाना इतना आसान है कि कुछ मिनटों में ही आप आसानी से इसे घर पर बना सकते हैं. ये खाने में उतना ही क्रिमी और चटपटा होता, जितना बाजार से खरीदा चिप्स. इस स्नैक्स को आप घर पर भी आसानी से बना कर खा सकते हैं.
आटा तैयार करने का तरीका
सबसे पहले एक बड़ा बर्तन लें. उसमें आधा कप पीला मक्के का आटा और आधा कप मैदा या गेहूं का आटा डालें. अब इसमें स्वाद अनुसार नमक मिलाएं. इसके बाद थोड़ा सा अजवाइन डालें, जिससे चिप्स में खुशबू और टेस्ट आएगा. चिप्स के रंग को और पीला करने के लिए चुटकी भर हल्दी भी आप आटे में डाल सकते हैं.
इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाने के बाद धीरे-धीरे गर्म पानी में सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सॉफ्ट न हो जाए, क्योंकि इससे चिप्स करारे नहीं बनतें. आटा गूंथने के बाद इसे ढककर करीब 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि यह सेट हो जाए.
लोई बनाकर पतला बेलना
अब तैयार आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. सभी लोई को एक-एक कर बेलन की मदद से थोड़ा पतला बेल लें. जितना पतला आप बेलेंगे, चिप्स उतने ही कुरकुरे बनेंगे. कोशिश करें कि हर तरफ से आटे की मोटाई को एक समान रखें, ताकि तलते समय सभी चिप्स बराबर से पके.
चिप्स को आकार देने का तरीका
बेली हुई रोटी को अब पिज्जा कटर या चाकू की मदद से छोटे-छोटे तिकोने आकार में काट लें. अगर आप चाहें तो चौकोर या स्ट्रिप्स में भी काट सकते हैं. हर टुकड़े में कांटे से छेद कर दें. इससे चिप्स तलते समय फूलेंगे नहीं और अच्छे से क्रिस्प बनेंगे.
इस तरह तलें
अब एक कड़ाई या पैन में रिफाइन गरम करें. जब तेल गर्म हो जाए, तब उसमें कटे हुए चिप्स डालें. आंच को लो ही रखें, क्योंकि तेज आंच पर चिप्स बाहर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह सकते हैं.
चिप्स को धीरे-धीरे पलटते रहें और तब तक तलें जब तक वह सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं. जब चिप्स अच्छी तरह फ्राई हो जाएं, तो उन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें, ताकि ज्यादा तेल चिप्स से निकल जाए.
चिप्स का मसाला इस तरह करें तैयार
अब चिप्स का असली स्वाद उसके मसालों में होता है, जिसको बढ़ाने के लिए मसाला तैयार करें. एक छोटी कटोरी में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आमचूर पाउडर, चाट मसाला, थोड़ा सा ओरिगैनो, लहसुन का पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिला लें. यह मसाला चिप्स को खट्टा, तीखा स्वाद देकर टेस्ट और बढ़ा देते हैं.
मसाला मिलाने का सही तरीका
तले हुए गरम-गरम चिप्स को एक बड़े सूखे बर्तन में निकालें. तुरंत ऊपर से तैयार मसाला डालें और हाथो या चम्मच की मदद से मिलाएं. ध्यान रखें कि चिप्स टूटें नहीं और मसाला हर टुकड़े पर अच्छी तरह चढ़ जाए.
ये भी पढ़ें