नवरात्रि में व्रत के दौरान अगर आप साबूदाने की खिचड़ी और आलू की सब्जी खाकर ऊब गए हैं, तो इस बार कुछ नया बना सकते हैं. साबूदाना और आलू से तैयार होने वाली कुरकुरी पूड़ी फलाहार के लिए अच्छा विकल्प है. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. साबूदाना, उबले आलू और कुछ मसालों की मदद से इसे आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है.
इस पूड़ी में हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और अजवाइन डालने से स्वाद बढ़ जाता है. इसे आप व्रत में दही या व्रत के अनुकूल चटनी के साथ खा सकते हैं. आइए जानते हैं साबूदाना-आलू की पूड़ी बनाने का आसान तरीका.
पूड़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
साबूदाना-1 कप
उबले आलू-3 से 4 मध्यम आकार के
हरी मिर्च-1 से 2, बारीक कटी हुई
हरा धनिया-2 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ
अदरक-1 छोटा टुकड़ा, बारीक कटा हुआ
अजवाइन-आधा छोटा चम्मच
सेंधा नमक- स्वादानुसार
काली मिर्च-स्वादानुसार
घी या तेल-तलने के लिए
सबसे पहले साबूदाने का पेस्ट बनाएं
साबूदाने को अच्छी तरह साफ कर लें. फिर उसे मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. अगर साबूदाना बहुत सूखा हो और आसानी से न पिसे, तो उसे कुछ देर भिगोकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. ध्यान रखें कि आटा तैयार करते समय पानी एक साथ ज्यादा न डालें.
आलू को उबालकर अच्छी तरह मैश करें
अब कुकर में 3 से 4 मध्यम आकार के आलू डालकर उबाल लें. आलू ठंडे हो जाएं तो उनका छिलका उतार लें. इसके बाद ग्रेटर की मदद से उन्हें बारीक कस लें या अच्छी तरह मैश कर लें. ध्यान रखें कि आलू में बड़ी गांठें न रहें, ताकि पूड़ी का आटा आसानी से तैयार हो सके.
मसाले मिलाकर गूंद लें आटा
एक बड़े बर्तन में पिसा हुआ साबूदाना और कसे हुए आलू डालें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक, अजवाइन, सेंधा नमक और काली मिर्च मिलाएं. अब जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंद लें. पानी धीरे-धीरे डालें, क्योंकि आलू में पहले से नमी होती है. आटा इतना तैयार करें कि उसकी पूड़ियां आसानी से बनाई जा सकें.
10 मिनट रखें, फिर तल लें पूड़ियां
आटे को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्के हाथों से पूड़ी के आकार में बेल लें. अगर आटा चिपक रहा हो, तो उसे बेलने के लिए साफ प्लास्टिक शीट या बटर पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं. अब कड़ाही में घी या व्रत में इस्तेमाल होने वाला तेल गर्म करें. पूड़ियों को मध्यम गर्म तेल में डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
दही या चटनी के साथ परोसें
गरमागरम साबूदाना-आलू की पूड़ियां व्रत के दौरान खाने के लिए तैयार हैं. इन्हें व्रत के अनुकूल दही या चटनी के साथ परोस सकते हैं. ये रेसिपी इतनी झटपट बनती है कि आपको बहुतकुछ करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.
ये भी पढ़ें: