Varanasi Tamatar Chaat Recipe: इस तरह से तैयार करें वाराणसी की खास चाट.. मेहमान नहीं लेंगे आपके घर से जाने का नाम, जानें पूरी रेसिपी

बनारस की गलियों और चौराहों पर इसकी खुशबू और स्वाद लोगों को अपनी ओर खींच लेता है. मसालों से भरपूर, हल्की तीखी और खट्टी-मीठी स्वाद वाली यह चाट दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों की भी पसंदीदा डिश है.

Varanasi Tamatar Chaat
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:08 PM IST

होली रंगों, उमंग और स्वादिष्ट व्यंजनों का त्योहार है. होली के मौके पर लोग रंग और गुलाल के साथ एक-दूसरे को प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हुए होली खेलते हैं. इस खास अवसर पर गुजिया, मालपुआ, दही भल्ले, नमकीन पारे, पापड़, ठंडाई और गुलाब जामुन जैसे पारंपरिक पकवानों की धूम रहती है. आमतौर पर इस दिन मिठाइयों का बोलबाला होता है, लेकिन अगर आप लगातार मीठा खाकर कुछ तीखा-चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो बनारसी स्टाइल टमाटर चाट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

टमाटर चाट वाराणसी के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड्स में से एक है. बनारस की गलियों और चौराहों पर इसकी खुशबू और स्वाद लोगों को अपनी ओर खींच लेता है. मसालों से भरपूर, हल्की तीखी और खट्टी-मीठी स्वाद वाली यह चाट दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों की भी पसंदीदा डिश है. अच्छी बात यह है कि इस लाजवाब स्वाद का आनंद आप होली के मौके पर घर पर भी आसानी से ले सकते हैं.

क्या हैं जरूरी इंग्रिडीएंट्स
इस चटपटी टमाटर चाट को बनाने के लिए आपको चाहिए चार पके और कटे हुए टमाटर, दो उबले आलू, दो चम्मच देसी घी, एक चुटकी हींग, एक बारीक कटी हरी मिर्च, एक चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, एक टीस्पून भुना जीरा पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार काला नमक और सफेद नमक, दो चम्मच इमली की मीठी चटनी. सजावट के लिए हरा धनिया, बारीक कटा प्याज, बारीक सेव या चूरा और चाहें तो थोड़ा नींबू रस और चाट मसाला भी रख लें.

कैसे तैयार करें चाट?
सबसे पहले टमाटरों को हल्का मैश करके अलग रख दें. अब एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें. घी गरम होते ही उसमें हींग, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें, ताकि इनकी खुशबू निकल आए. इसके बाद मैश किए हुए टमाटर डालें और अच्छी तरह मिलाकर मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक टमाटर पूरी तरह गल न जाएं.

जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं, तो उसमें उबले हुए आलू हाथ से तोड़कर या हल्का मैश करके मिला दें. अब भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, साधारण नमक और इमली की मीठी चटनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. इस मिश्रण को लगभग 7–8 मिनट तक मध्यम आंच पर पकने दें, ताकि मसाले अच्छे से घुल-मिल जाएं और चाट गाढ़ी हो जाए.

तैयार टमाटर चाट को कुल्हड़ या बाउल में निकालें. ऊपर से बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और सेव डालकर सजाएं. चाहें तो थोड़ा नींबू रस और चाट मसाला छिड़ककर इसे और भी स्वादिष्ट बना सकते हैं. होली के मौके पर यह गरमागरम, मसालेदार टमाटर चाट आपके मेन्यू में एक नया और खास स्वाद जोड़ देगी.

 

Read more!

RECOMMENDED