आजकल एलपीजी गैस की कमी से जुड़ी खबरें लोगों को परेशान कर रही हैं. ऐसे में कई लोग कुकिंग के लिए इंडक्शन स्टोव की ओर रुख कर रहे हैं. लेकिन लोगों में मन में यह सवाल भी उठता है कि क्या इंडक्शन पर गैस चूल्हे जैसा खाना बन पाएगा. खास तौर पर इंडक्शन पर गैस चूल्हे जैसी मुलायम और फूली-फूली रोटियां बन सकती हैं?
अगर आप भी यही सोचते हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान टिप्स अपनाकर इंडक्शन पर भी बिल्कुल परफेक्ट रोटियां बनाई जा सकती हैं. इसके लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती, बस सॉफ्ट आटा और सही तापमान का ध्यान रखना जरूरी है.
इंडक्शन पर रोटी सेंकने का सही तरीका
इंडक्शन स्टोव पर रोटी बनाना गैस चूल्हे से बहुत अलग नहीं होता. गैस पर आमतौर पर रोटी को तवे पर आधा सेंककर सीधे आंच पर फूलाया जाता है, लेकिन इंडक्शन पर ऐसा कर पाना संभव नहीं है. इसलिए रोटी को दोनों तरफ से धीरे-धीरे और बराबर सेंकना पड़ता है.
सबसे पहले रोटी को तवे पर रखें और तब तक सेंकें जब तक उसका रंग हल्का बदलने न लगे और ऊपर छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगें. आमतौर पर हर साइड को पकने में करीब 15 से 20 सेकंड लगते हैं. अगर बुलबुले बनने में ज्यादा समय लग रहा है या बिल्कुल नहीं बन रहे, तो समझ लें कि आटा सही तरीके से गूंथा नहीं गया है या बहुत सूखा है. ऐसे में रोटियां सख्त बन सकती हैं.
रोटी को फूलाने की सही तकनीक
जब रोटी पर हल्के बुलबुले दिखने लगें, तब उसे हल्के से दबाते हुए तवे पर घुमाएं. इसके लिए कपड़े का छोटा गोला या फोल्ड किया हुआ कपड़ा इस्तेमाल किया जा सकता है. रोटी के अलग-अलग हिस्सों को हल्के से दबाने पर वह फूलने लगती है. यह प्रक्रिया लगभग 5 सेकंड में पूरी हो जाती है. इसके बाद रोटी को पलट दें और दूसरी तरफ तब तक सेंकें जब तक उस पर हल्के भूरे धब्बे दिखाई न देने लगें.
तापमान का सही संतुलन भी है जरूरी
इंडक्शन पर रोटी बनाते समय तवे का तापमान सही होना बेहद जरूरी है. अगर रोटी फूलने में ज्यादा समय ले रही है, तो इसका मतलब है कि तवा जरूरत के हिसाब से गर्म नहीं है. वहीं अगर रोटी जल्दी जलने लगे, तो समझ लें कि तवा बहुत ज्यादा गर्म है. इसलिए रोटी डालने से पहले तवे को हल्का प्रीहीट करना जरूरी है.
सॉफ्ट आटा बनाना है जरूरी
अच्छी और मुलायम रोटियों के लिए आटा सही तरीके से गूंथना बहुत जरूरी है. आटा गूंथते समय हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, इससे आटा ज्यादा सॉफ्ट बनता है. आटा गूंथने के बाद उसे कुछ देर के लिए ढककर रख दें, ताकि वह सेट हो जाए और रोटियां ज्यादा मुलायम बनें.
अगर शुरुआत में रोटियां परफेक्ट न बनें तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. थोड़ी प्रैक्सिट के बाद आप इंडक्शन पर भी बिल्कुल गैस जैसी फूली-फूली और टेस्टी रोटियां बना सकते हैं.