क्या आपका भी मन है आज पनीर खाने का... लेकिन डर है कि कही बाजार से लाया महंगा पनीर नकली निकल गया तो... खैर ये डर होना भी वाजिब है, क्योंकि बाजार में काफी नकली पनीर बिक रहा है. ऐसे में क्या करेंगे आप? लेकिन क्या हो अगर आप खुद ही घर पर ताजा पनीर तैयार करलें तो...
अगर आप भी अपनी रसोई में पनीर तैयार करना चाहते हैं, तो यह कोई मुश्किल काम नहीं. चाहे शाही पनीर, मटर पनीर, पनीर टिक्का या भुर्जी खाने हो, आप बिल्कुल बाजार जैसा ताजा, मुलायम और स्पंजी पनीर तैयार कर सकते हैं. तो चलिए बताते हैं कि कैसे इसे तैयार करना है.
पनीर बनाने के लिए 2 लीटर फुल क्रीम दूध, 2 से 3 बड़े चम्मच नींबू का रस या सफेद सिरका, थोड़ा पानी, एक साफ मलमल या सूती कपड़ा और पनीर को दबाने के लिए कोई भारी प्लेट या बर्तन चाहिए.
सबसे पहले एक मोटे तले वाले बर्तन में दूध डालकर मीडियम आंच पर उबालें. बीच-बीच में दूध को चलाते रहें ताकि वह बर्तन में चिपके नहीं. जब दूध में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तब गैस की आंच धीमी कर दें.
दूध फाड़ने के लिए नींबू के रस में थोड़ा पानी मिलाकर धीरे-धीरे उबलते दूध में डालें. साथ ही चम्मच से हल्के हाथों से चलाते रहें. कुछ ही सेकंड में दूध फट जाएगा और पानी अलग दिखाई देने लगेगा. अगर दूध पूरी तरह न फटे तो थोड़ा और नींबू का रस डाल सकते हैं. जैसे ही दूध पूरी तरह फट जाए, गैस बंद कर दें.
फटे हुए दूध को मलमल के कपड़े में छान लें. इसके बाद पनीर के ऊपर ठंडा पानी डालकर अच्छी तरह धो लें. इससे नींबू या सिरके की खटास निकल जाती है और पनीर का स्वाद बेहतर हो जाता है. फिर कपड़े को बांधकर हल्के हाथों से दबाएं ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए.
कपड़े में बंधे पनीर को किसी समतल जगह पर रखें और उसके ऊपर कोई भारी प्लेट या बर्तन रख दें. इसे 30 से 45 मिनट तक ऐसे ही रहने दें. इससे पनीर अच्छी तरह सेट हो जाएगा और उसका आकार भी बाजार जैसा दिखेगा.
अब जब आपका पनीर सेट होकर तैयार हो जाए, तो फिर शाही पनीर बनाएं या फिर मटर पनीर. बस आपकी फेवरेट पनीर की डिश के लिए ताजा पनीर रेडी है.