Source: Instagram (@ 5to9_nikunj)
Source: Instagram (@ 5to9_nikunj)
सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. वीडियो बेशक सटायर तरीके का है, लेकिन लोग इसे फिर भी खुद की जिंदगी से जोड़ रहे है. वीडियो कुछ इस तरह का है कि क्या आपकी कंपनी भी सैलरी बढ़ाने की बजाय दूसरी सुविधाएं देकर आपको खुश करने की कोशिश करती है?
दरअसल सोशल मीडिया पर जयपुर के एक प्रोफेशनल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि कई कंपनियां किस तरह कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने के बजाय फ्री खाना, अवॉर्ड और दूसरी सुविधाएं देती हैं. उनके इस सटायर को देखकर कई लोग अपनी नौकरी से जोड़कर देख रहे हैं.
वीडियो जयपुर के निकुंज शर्मा ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो का टाइटल है, 'Things companies do instead of paying you more.' वीडियो में वह कहते हैं कि कई कंपनियां कर्मचारियों को फ्री नाश्ता, लंच और डिनर देती हैं. वह मजाक में कहते हैं कि ऐसा खाना खाने के बाद डॉक्टर के पास जाने में भी खर्च हो सकता है. उनका कहना है कि अगर कंपनी सैलरी बढ़ा दे, तो कर्मचारी अपने लिए अच्छा और घर का बना खाना खा सकते हैं.
निकुंज कहते हैं कि कई बार कर्मचारियों को प्रमोशन तो मिल जाता है, लेकिन सैलरी पहले जैसी ही रहती है. सिर्फ नया पद और ज्यादा जिम्मेदारी मिलती है. ऐसे में लोग बधाई देते हैं, पार्टी मांगते हैं, लेकिन कर्मचारी की कमाई में कोई बदलाव नहीं होता. उन्होंने इसे भी मजाकिया अंदाज में पेश किया.
वीडियो में निकुंज ने वैरिएबल पे और ESOP का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी इन पैसों की उम्मीद में पहले से खर्च की योजना बना लेते हैं, लेकिन कई बार यह रकम समय पर नहीं मिलती. उन्होंने मजाक में कहा कि उन्होंने कार की डाउन पेमेंट भी इसी उम्मीद में कर दी थी, अब उन्हें नहीं पता कि कार उनके पास रहेगी भी या नहीं.
निकुंज ने 'एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ' जैसे अवॉर्ड पर भी मजेदार कमेंट किया. उनका कहना है कि जब कर्मचारी सैलरी बढ़ाने की बात करते हैं, तो कई बार उन्हें अवॉर्ड देकर खुश करने की कोशिश की जाती है. उन्होंने हंसते हुए कहा कि जितनी ज्यादा सैलरी की बात करो, उतनी जल्दी 'एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ' या 'एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर' बनने का मौका मिल जाता है.
वीडियो के आखिर में उन्होंने लेऑफ यानी नौकरी से निकालने पर भी सटायर किया. उन्होंने कहा कि जब कंपनी बिल्कुल भी ज्यादा सैलरी नहीं देना चाहती, तो सबसे आसान तरीका कर्मचारी को ही बाहर का रास्ता दिखाना होता है.
यह वीडियो पूरी तरह सटायर के अंदाज में बनाया गया है. इसका मकसद लोगों का मनोरंजन करना है, न कि सभी कंपनियों के काम करने के तरीके को बताना. फिर भी वीडियो में कही गई कई बातें नौकरी करने वाले लोगों को अपनी जिंदगी से जुड़ी हुई लगीं. यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर खूब रिएशन दे रहे हैं.