भारतीय रसोई में देसी घी का इस्तेमाल दाल में तड़का लगाने से लेकर पराठों और मिठाइयों का स्वाद बढ़ाने तक, हर व्यंजन में होता है. हालांकि बाजार में मिलने वाला शुद्ध घी काफी महंगा होता है और उसमें मिलावट की आशंका भी बनी रहती है. यही वजह है कि आजकल कई लोग घर पर जमा की गई मलाई से घी बनाना पसंद करते हैं. घर का बना घी न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसकी खुशबू और गुणवत्ता भी बेहतर मानी जाती है. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि लंबे समय तक मलाई जमा करने के बाद भी घी बहुत कम मात्रा में निकलता है. तो चलिए आपको बताते हैं कुछ ऐसे घरेलू उपाय के बारे में जिसे अपनाकर मलाई से ज्यादा घी प्राप्त किया जा सकता है.
मलाई जमा करने का सही तरीका
घी की मात्रा इस बात पर काफी हद तक निर्भर करती है कि मलाई किस तरह जमा की गई है. दूध उबालने के बाद निकलने वाली मोटी मलाई को एक साफ और एयरटाइट कंटेनर में इकट्ठा करें और फ्रिज में रखें. ध्यान रखें कि मलाई में बार-बार पानी न जाए.
दही मिलाने से बढ़ सकता है फायदा
पुराने समय से घरों में एक खास तरीका अपनाया जाता रहा है. जब पर्याप्त मात्रा में मलाई जमा हो जाए तो उसमें एक या दो चम्मच दही मिलाकर 8 से 10 घंटे के लिए छोड़ दें. इससे मलाई में हल्का फर्मेंटेशन होता है और बाद में मक्खन निकालना आसान हो जाता है. माना जाता है कि इस तरीके से घी की मात्रा बढ़ सकती है.
पहले मक्खन निकालें, फिर बनाएं घी
कई लोग सीधे मलाई को गर्म करके घी बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन पारंपरिक तरीका कुछ अलग है. जमा हुई मलाई में थोड़ा ठंडा पानी डालकर उसे मथें या मिक्सर में चलाएं. कुछ ही देर में मक्खन ऊपर तैरने लगेगा. मक्खन को अलग निकाल लें और फिर उससे घी तैयार करें. इससे मलाई का बेहतर उपयोग होता है और घी भी अधिक निकल सकता है.
ठंडे पानी और धीमी आंच का करें इस्तेमाल
मक्खन निकालते समय ठंडे या बर्फ वाले पानी का उपयोग करने से मक्खन जल्दी अलग होने में मदद मिलती है. इसके बाद मक्खन को धीमी आंच पर पकाएं. तेज आंच पर घी बनाने से उसका स्वाद और खुशबू प्रभावित हो सकती है. धीरे-धीरे मक्खन का पानी सूख जाता है और सुनहरे रंग का सुगंधित घी तैयार हो जाता है.
इन आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर आप मलाई से ज्यादा घी निकाल सकते हैं और घर पर शुद्ध, स्वादिष्ट तथा खुशबूदार घी का आनंद ले सकते हैं.
ये भी पढ़ें: