होली पर लगभग हर किसी के घर गुझिया बनती ही है. ज्यादातर घरों में सूखी गुझिया बनती है, लेकिन चाश्नी में डूबी खोया और ड्राई फ्रूट वाली गुझिया का स्वाद अलग ही होता है. अगर आप इस बार कुछ खास ट्राई करना चाहते हैं, तो एक बार इस स्टाइल में गुझिया बनाकर देखें, यकीन मानिए इसके स्वाद के आगे मार्केट का गुझिया भी फेल हो जाएगा.
चाश्नी वाली गुझिया बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
2 कप मैदा
4 बड़े चम्मच घी (मोयन के लिए)
जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
1 कप खोया
2-3 बड़े चम्मच काजू (कटे हुए)
2 बड़े चम्मच बादाम (कटे हुए)
1 बड़ा चम्मच किशमिश
1 बड़ा चम्मच पिस्ता
3-4 बड़े चम्मच पिसी चीनी
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 बड़ा चम्मच नारियल बूरा
1 कप चीनी
आधा कप पानी
3-4 केसर के धागे
गुझिया बनाने का सबसे पहला स्टेप
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें. इसमें घी डालकर अच्छी तरह हथेलियों से मिक्स करें. जब मैदा मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे, तो समझिए मोयन सही है.
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटा बहुत मुलायम नहीं होना चाहिए. इसे गीले कपड़े से ढककर 20-25 मिनट के लिए रख दें.
खोया और ड्राई फ्रूट की रिच फिलिंग तैयार करें
एक कड़ाही को धीमी आंच पर रखें. उसमें खोया डालकर 3-4 मिनट हल्का भून लें, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए. ध्यान रखें कि खोया का रंग ज्यादा न बदले. गैस बंद करें और खोया ठंडा होने दें.
अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश, नारियल बूरा और इलायची पाउडर मिलाएं. आखिर में पिसी चीनी डालें और अच्छी तरह मिक्स करें. फिलिंग तैयार है.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और पूड़ी की तरह बेल लें. बहुत पतली न बेलें, वरना तलते समय फट सकती है.
अब गुझिया मोल्ड लें या हाथ से बनाएं. बीच में 1-2 चम्मच फिलिंग रखें. किनारों पर हल्का पानी लगाएं और मोड़कर अच्छे से बंद करें. किनारों को उंगलियों या कांटे से दबाकर सील कर दें ताकि तलते समय खुलें नहीं.
धीमी आंच पर तलें, तभी आएगी कुरकुराहट
कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. ध्यान रखें कि तेल बहुत ज्यादा गरम न हो. मध्यम से धीमी आंच पर गुझिया डालें और सुनहरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलेंगे तो बाहर से रंग आ जाएगा, लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है. तलने के बाद गुझिया को टिश्यू पेपर पर निकाल लें.
एक तार की चाश्नी बनाएं
अब चाश्नी तैयार करें. एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. जब चीनी घुल जाए और उबाल आने लगे, तो 4-5 मिनट पकाएं. उंगलियों के बीच अगर एक तार बने तो चाश्नी तैयार है. इसमें केसर और इलायची पाउडर डाल दें.
ताजी गर्म गुझिया को हल्की गर्म चाश्नी में 2-3 मिनट के लिए डुबो दें. ज्यादा देर रखने से गुझिया नरम हो सकती है. फिर निकालकर प्लेट में सजा दें. ऊपर से कटे पिस्ता या चांदी वर्क से सजाएं.