Advertisement

Kathal Achar Recipe: बस एक बार घर पर बना लें कटहल का खट्टा-तीखा अचार, स्वाद ऐसा कि भूल जाएंगे आम-नींबू का अचार!

कच्चे कटहल से तैयार यह अचार खट्टा, तीखा और मसालेदार होता है. खास बात है कि इसे बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. तो चलिए आपको बताते हैं कटहल के अचार की रेसिपी

Kathal Ka Achar
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:16 AM IST

खाने की थाली में अगर अचार मिल जाए तो साधारण दाल-चावल, पराठे और पूरी का स्वाद भी दोगुना हो जाता है. आम, नींबू और मिर्च का अचार तो आपने खूब खाया होगा, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो घर पर कटहल का स्वादिष्ट अचार बनाकर देखें. कच्चे कटहल से तैयार यह अचार खट्टा, तीखा और मसालेदार होता है. खास बात है कि इसे बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. तो चलिए आपको बताते हैं कटहल के अचार की रेसिपी

करीब 1 किलो कच्चे कटहल का अचार बनाने के लिए 250 मिलीलीटर सरसों का तेल, 4 बड़े चम्मच राई, 3 बड़े चम्मच सौंफ, 2 बड़े चम्मच मेथी दाना और 1 बड़ा चम्मच कलौंजी लें. इसके अलावा 2 बड़े चम्मच हल्दी, 2 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और 3 से 4 बड़े चम्मच सिरका चाहिए. कटहल काटने से पहले हाथ और चाकू पर थोड़ा सरसों का तेल लगा लें. इससे कटहल का चिपचिपा दूध हाथ और चाकू पर कम चिपकेगा. कटहल को छीलकर मध्यम आकार के टुकड़ों में काटें और अच्छी तरह धो लें.

पहले कटहल को ऐसे करें तैयार
एक बर्तन में पानी गर्म करें और कटहल के टुकड़ों को करीब 5 से 7 मिनट तक हल्का उबाल लें.
इसके बाद इसका पानी पूरी तरह निकाल दें. अब कटहल को साफ कपड़े या बड़ी प्लेट में फैलाकर कुछ घंटे धूप में रखें.
इससे उसकी अतिरिक्त नमी निकल जाएगी. अचार में नमी रह जाने से उसके जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ सकता है.

मसाला करें तैयार  
अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें राई, मेथी दाना, सौंफ और कलौंजी डालकर हल्का भूनें. मसालों को जलने न दें. गैस बंद करके तेल को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें.

जार में भरकर कुछ दिन धूप में रखें
अब सूखे कटहल को तैयार मसाले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला हर टुकड़े पर लग जाए. इसे साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें. ऊपर से इतना सरसों का तेल डालें कि कटहल के टुकड़े तेल के नीचे रहें.

जार को बंद करके 4 से 7 दिन तक धूप में रखा जा सकता है. रोज जार को हल्का हिलाते रहें. कुछ दिनों में कटहल नरम हो जाएगा और मसालों का स्वाद इसमें अच्छी तरह उतर जाएगा. इसके बाद इसे रोटी, पराठे, दाल-चावल या पूरी के साथ खा सकते हैं. अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें और जार में पानी जाने से बचाएं.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement