scorecardresearch

Electric Kettle में जम गई सफेद परत? न करें इसे नजरअंदाज... 5 मिनट में ऐसे करें साफ, चमक जाएगी अंदर से

कई बार इलेक्ट्रिक केतली के अंदर सफेद परत जम जाती है. देखने में यह सामान्य लग सकता है, लेकिन इस परत के कारण केतली के अंदर पानी ठीक तरीके से गर्म नहीं होता. साथ ही ज्यादा समय भी लेता. इसलिए इसकी सफाई करना काफी जरूरी हो जाता है.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

घरों में चाय, कॉफी और गर्म पानी के लिए इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है. लेकिन लगातार इस्तेमाल के बाद इसके अंदर सफेद या हल्के भूरे रंग की परत जमने लगती है. कई बार पानी में छोटे-छोटे सफेद टुकड़े भी दिखाई देते हैं. साथ ही पानी पहले के मुकाबेल धीरे गर्म होता है. यह परत आमतौर पर लाइमस्केल होती है, जो पानी में मौजूद खनिजों की वजह से जमती है.

अगर आपके घर में हार्ड वॉटर आता है, तो उसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज अधिक हो सकते हैं. जब पानी को बार-बार गर्म किया जाता है, तो पानी भाप बनकर निकल जाता है. लेकिन ये खनिज केतली के अंदर और हीटिंग हिस्से पर जमा होते रहते हैं. धीरे-धीरे इसकी मोटी सफेद परत बन जाती है. ज्यादा परत जमने पर पानी गर्म होने में भी ज्यादा समय लग सकता है. ऐसे में जरूरत है कि समय-समय पर इसको साफ किया जाए, जिससे केतली ठीक से काम करती रहे.

सिरका और पानी से कर सकते हैं सफाई

लाइमस्केल हटाने के लिए सफेद सिरका और पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले केतली का प्लग निकाल दें और उसमें बचा पानी खाली कर दें. अब केतली को उसके पावर बेस से अलग कर लें. ध्यान रखें कि पावर बेस पर पानी न जाए.

अब केतली में सफेद सिरका और पानी डालें. साथ ही इतनी क्वांटिटी में डालें कि जिस हिस्से पर सफेद परत जमी है, वह उसमें अच्छी तरह डूब जाए. लेकिन केतली को उसकी अधिकतम सीमा से ऊपर न भरें. इसके बाद मिक्सचर को उबालें. उबलने के बाद केतली बंद करके मिक्सचर को करीब 30 मिनट से 1 घंटे तक अंदर रहने दें. अगर परत बहुत मोटी है, तो थोड़ा अधिक समय लग सकता है.

सफाई के बाद पानी से अच्छी तरह धोएं

समय पूरा होने के बाद सिरका और पानी का मिक्सचर निकाल दें. इसके बाद केतली को साफ पानी से 3 से 4 बार धोएं. फिर उसमें साफ पानी भरकर एक बार उबालें और उस पानी को फेंक दें. इससे सिरके की गंध भी कम हो जाएगी. जरूरत लगे तो एक बार फिर साफ पानी उबालकर निकाल सकते हैं.

सिरका पसंद न आए तो इस्तेमाल करें सिट्रिक एसिड

अगर आप सिरका इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो सिट्रिक एसिड या नींबू के रस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. सिट्रिक एसिड को पानी में मिलाकर उबालें और करीब 20 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद केतली को साफ पानी से धो लें.

नींबू के लिए एक या दो नींबू का रस पानी में मिलाकर उबाल सकते हैं. इसे करीब एक घंटे तक रहने दें और फिर अच्छी तरह धो लें. बाजार में मिलने वाले इलेक्ट्रिक केतली डिस्केलर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे हमेशा पैकेट पर दिए निर्देश के अनुसार ही इस्तेमाल करें.

केतली की सफाई करते समय रखें ध्यान

केतली के अंदर सफाई के लिए स्टील वूल या बहुत खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल न करें. इससे अंदर की सतह खराब हो सकती है. बाहरी हिस्से को हल्के गीले कपड़े और थोड़े माइल्ड डिश सोप से साफ किया जा सकता है. साथ ही पावर बेस पर सीधे पानी न डालें. इसे केवल हल्के गीले कपड़े से साफ करें और इलेक्ट्रिकल हिस्सों को गीला होने से बचाएं.