scorecardresearch

Gardening Tip: क्या आपका भी पौधा पड़ रहा है पीला? तो पानी और खाद डालने से पहले जांचे उसे... इनमें से भी हो सकती है कोई वजह

गार्डिनिंग के शौकीन जानते हैं कि पौधे की पत्ती का पीला पड़ना एक आम बात है, लेकिन ये इशारा है कि पौधे की सेहत में कमी है. उसे शायद पानी ठीक से नहीं मिल रहा या फिर न्यूट्रिशन पूरी तरह से ठीक नहीं मिल पा रहा. ऐसे में उपाय करने से पहले जानना जरूरी हो जाता है कि पत्ती के पीला पड़ने की पीछे की वजह क्या है?

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

घर के गमले या बगीचे में लगे पौधों की हरी पत्तियां अगर अचानक पीली पड़ने लगें तो चिंता बढ़ना एक आम बात है. ऐसे में इसके पीछे की वजह समझ नहीं आती, कि क्या पानी की कमी के कारण है या फिर खाद की कमी के चलते. ऐसे में कुछ लोग बिना सोचे-समझे खाद डालना शुरू कर देते हैं, जबकि पत्तियों के पीले होने की वजह सिर्फ खाद की कमी नहीं होती. पानी की क्वांटिटी, धूप, मिट्टी में न्यूट्रिशन की कमी और बीमारी भी इसकी पीछे की वजह हो सकती हैं. इसलिए सबसे पहले कारण समझना जरूरी है.

कहीं मिट्टी में पानी ज्यादा तो नहीं?

पौधों की पत्तियां पीली होने की सबसे आम वजह पानी है. अगर पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी दिया जा रहा है, तो गमले की मिट्टी लगातार गीली रहती है. इससे जड़ों तक हवा नहीं पहुंचती और जड़ें खराब होने लगती हैं. इसका असर पत्तियों पर दिखाई देता है और वे पीली पड़ सकती हैं.

वहीं, बहुत कम पानी मिलने पर भी पौधा कमजोर होने लगता है. ऐसे में पत्तियां किनारों से पीली पड़ सकती हैं और धीरे-धीरे मुरझाने लगती हैं. इसलिए पौधे को पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जरूर चेक करनी चाहिए.

खाद की कमी से भी पत्तियां होती है पीली

अगर पानी सही क्वांटिटी में देने के बाद भी पत्तियां पीली हो रही हैं, तो मिट्टी में न्यूट्रिशन की कमी हो सकती है. खासकर नाइट्रोजन की कमी का असर पुरानी पत्तियों पर पहले दिखाई दे सकता है. पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए सही न्यूट्रिशन की जरूरत होती है.

आयरन और मैग्नीशियम की कमी से भी पत्तियां पीली दिखाई दे सकती हैं. ऐसी स्थिति में कई बार पत्तियों की नसें हरी रहती हैं, जबकि उनके आसपास का हिस्सा पीला हो जाता है. पौधे की जरूरत के अनुसार खाद देना मददगार हो सकता है.

जैविक खाद का कर सकते हैं इस्तेमाल

पौधों को न्यूट्रिशन देने के लिए गोबर की खाद और वर्मी कम्पोस्ट जैसी जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है. ये मिट्टी को धीरे-धीरे पोषण देने में मदद करती हैं. हालांकि, खाद डालने से पहले यह देखना जरूरी है कि दिक्कत वाकई में न्यूट्रिशन की कमी के कारण है या नहीं.

धूप भी हो सकती है एक वजह

हर पौधे को उसकी जरूरत के अनुसार रोशनी चाहिए. अगर पौधे को ठीक धूप नहीं मिलती, तो वह ठीक तरह से अपना भोजन नहीं बना पाता. इससे उसकी पत्तियां कमजोर होकर पीली पड़ सकती हैं. ऐसे पौधे को ऐसी जगह रखना चाहिए जहां उसे उसकी जरूरत के अनुसार कुछ घंटे रोशनी या धूप मिल सके.

कीड़े और बीमारी पर भी रखें ध्यान

कई बार पत्तियों का पीला होना कीड़े या फफूंद की समस्या का भी इशारा हो सकता है. अगर पत्तियों पर पीलेपन के साथ धब्बे, जाला या दूसरे निशान दिखाई दें, तो पौधे को ध्यान से जांचें. सही कारण पहचानने के बाद ही कोई उपाय करें. इस तरह सिर्फ ज्यादा पानी या खाद देने के बजाय समस्या की असली वजह दूर की जा सकती है.