scorecardresearch

Make Cocopeat At Home: नारियल के छिलके को फेंके नहीं, ऐसे करें इस्तेमाल... घर पर बनाएं कोकोपीट, पौधे रहेंगे हरे-भरे

कई बार होता है कि लोगों के पास पौधों में पानी डालने के लिए ज्यादा समय नहीं होता. लेकिन कुछ पौधे होते हैं जिन्हें नमी की जरूरत ज्यादा रहती है. ऐसे में आप मिट्टी में कोकोपीट को मिला सकते हैं. इससे मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहती है.

Advertisement
cocopeat cocopeat

अगर आपको घर में पौधे लगाने का शौक है, तो आपने कोकोपीट के बारे में जरूर सुना होगा. इसे पौधों की मिट्टी में मिलाने से मिट्टी में नमी बनी रहने में मदद मिलती है. खास बात यह है कि कोकोपीट बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं. आप इसे घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसे आप नारियल के सूखे छिलकों से घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.

कोकोपीट बनाने के लिए आपको नारियल के सूखे छिलके, एक ग्राइंडर और बारीक छन्नी की जरूरत होगी. यानी इसके लिए आपको अलग से ज्यादा सामान खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में इस्तेमाल किए गए नारियल के छिलकों को फेंकने की जगह आप उनसे पौधों के लिए  कोकोपीट बना सकते हैं.

नारियल के छिलकों से कैसे बनाएं कोकोपीट?

सबसे पहले नारियल के सूखे छिलके इकट्ठा कर लें. अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद हाथ से रगड़कर इनके बारीक रेशे और पाउडर अलग किए जा सकते हैं. अगर आप काम जल्दी करना चाहते हैं, तो इन छोटे टुकड़ों को ग्राइंडर में पीस सकते हैं.

पीसने के बाद इसमें मौजूद बड़े टुकड़ों को अलग कर लें. इसके बाद बचे हुए बारीक पाउडर को अच्छी तरह छन्नी से छान लें. इस तरह घर पर तैयार आपकी कोकोपीट इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगी.

पौधों की मिट्टी में कोकोपीट डालने से क्या होता है?

कोकोपीट खाद नहीं होती. इसलिए इससे पौधों को सीधे न्यूट्रिशन नहीं मिलता. फिर भी पौधों के लिए यह काफी उपयोगी मानी जाती है. यह मिट्टी में पानी को कुछ समय तक बनाए रखने में मदद करती है. इससे मिट्टी जल्दी सूखती नहीं है.

कोकोपीट मिट्टी को ज्यादा सख्त होने से भी बचाने में मदद करती है. इससे मिट्टी भुरभुरी रहती है और उसमें हवा आसानी से पहुंचती है. अच्छी मिट्टी पौधे की जड़ों के लिए बेहतर माहौल बना सकती है.

बीज उगाने में भी आती है काम

अगर आप बीज से पौधा तैयार कर रहे हैं, तो भी कोकोपीट उपयोगी हो सकती है. शुरुआती समय में बीज को नमी की जरूरत होती है. कोकोपीट नमी बनाए रखने में मदद करती है, जिससे बीज के जमने में सहायता मिल सकती है. पौधा थोड़ा बड़ा होने के बाद उसे पोषक तत्वों वाली मिट्टी में लगाया जा सकता है.