बगहा टाइगर रिजर्व
बगहा टाइगर रिजर्व
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) की एक बाघिन अब पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में अपना नया ठिकाना बनाएगी. बक्सा भेजे जाने वाली बाघिन की पहचान कर ली गई है और उसके रेस्क्यू की तैयारी पूरी हो चुकी है. भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) और NTCA की टीम के अंतिम निर्णय के बाद वन विभाग अब उसे पकड़ने की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी में है. बाघिन की तलाश वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मांगुराहा क्षेत्र में की जा रही थी. टीम ने उसके लगातार मूवमेंट वाले इलाके को चिन्हित कर लिया है और अब इसी आधार पर रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ाया जाएगा. बाघिन को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए एक्सपर्ट और पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है. रेस्क्यू के दौरान बाघिन को ट्रैंकुलाइज किया जाएगा. टीम की कोशिश है कि उसे बेहोश करने की पूरी प्रक्रिया बिना किसी जोखिम के हो और विशेषज्ञों की निगरानी में ही कार्रवाई पूरी की जाए.
ड्रोन से हर मूवमेंट पर नजर
बाघिन की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है. ड्रोन से उसके मूवमेंट को लगातार ट्रैक किया जा रहा है. टीम सही लोकेशन और अनुकूल स्थिति मिलने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ट्रैंकुलाइज करने की कार्रवाई की जाएगी. रेस्क्यू ऑपरेशन में बाघिन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी. ट्रैंकुलाइज किए जाने के बाद विशेषज्ञ पशु चिकित्सक उसकी स्वास्थ्य जांच करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि वह बक्सा टाइगर रिजर्व तक की यात्रा के लिए फिट है.
जांच के बाद शुरू होगी बक्सा तक की यात्रा
स्वास्थ्य जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाघिन को सुरक्षित तरीके से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा. यानी अब तक मांगुराहा के जंगलों में विचरण करने वाली यह बाघिन जल्द ही बक्सा टाइगर रिजर्व में अपना नया ठिकाना बनाएगी. फिलहाल वन विभाग की टीम उसके मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है. एक्सपर्ट और पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा करने की तैयारी चल रही है. इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से बक्सा पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू होगी.
NTCA के निर्देश पर किया गया चयन
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के सीएफ गौरव ओझा ने बताया कि NTCA के निर्देश पर बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व को चयनित किया गया है. उन्होंने बताया कि VTR से एक बाघिन को पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा और इसे लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. गौरव ओझा के मुताबिक, बाघिन की पहचान कर ली गई है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सुरक्षित तरीके से बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ें