Mango malai icecream: गर्मियों का मौसम आते ही आम हर भारतीय घर का सबसे पसंदीदा फल बन जाता है. इसका मीठा, रसीला और क्रीमी स्वाद लोगों को खूब आकर्षित करता है. इसी के चलते हर साल आम से बने नए-नए व्यंजन ट्रेंड में आते हैं. इस बार इंटरनेट पर जिस डेजर्ट ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींचा है, वह है मैंगो मलाई आइसक्रीम. यह डेजर्ट न सिर्फ स्वाद में शानदार है, बल्कि इसे घर पर बेहद आसानी से बनाया जा सकता है.
इस खास आइसक्रीम को बनाने के लिए आपको किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं है. बस कुछ साधारण सामग्री और सही तरीका अपनाकर आप इस ट्रेंडिंग डेजर्ट को अपने किचन में तैयार कर सकते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं घर पर आम की आइसक्रीम बनाने की रेसिपी...
सामग्री
इस रेसिपी के लिए 2 पके हुए आम, 1 कप फ्रेश क्रीम या मलाई, आधा कप कंडेंस्ड मिल्क, एक चौथाई कप फुल क्रीम दूध, 4 से 5 कुटी हुई इलायची और सजाने के लिए कटे हुए पिस्ता या बादाम की जरूरत होगी.
बनाने की विधि
सबसे पहले आम को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और उसे मिक्सर में पीसकर गाढ़ा प्यूरी बना लें.
इसके बाद एक ठंडे बर्तन में मलाई या क्रीम को हल्का और फूला हुआ होने तक फेंटें.
अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क और दूध डालकर धीरे-धीरे मिलाएं.
इसके बाद आम की प्यूरी को इसमें मिलाकर हल्के हाथों से फोल्ड करें ताकि मिश्रण स्मूद बना रहे.
अंत में इलायची डाल दें.
तैयार पेस्ट को एयरटाइट कंटेनर में डालकर लगभग 8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें. जमने के बाद इसे निकालें, ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें.
परफेक्ट टेक्सचर के टिप्स
हमेशा पके और मीठे आम का इस्तेमाल करें ताकि आइसक्रीम का स्वाद बेहतर बने.
क्रीम मिलाने के बाद ज्यादा मिक्स न करें, इससे आइसक्रीम हल्की और क्रीमी बनी रहती है.
अगर आप ज्यादा रिच स्वाद चाहते हैं तो मलाई की मात्रा थोड़ा बढ़ा सकते हैं.
वहीं, अगर आपको कुल्फी जैसा सख्त टेक्सचर पसंद है तो इसे ज्यादा समय तक फ्रीज करें.
ये भी पढ़ें: