आजकल कम उम्र में ही सफेद बालों की समस्या तेजी से बढ़ रही है. वहीं सफेद बालों को छिपाने के लिए ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाली हेयर डाई, कलर, मेहंदी और अन्य प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि इनमें मौजूद केमिकल्स लंबे समय में बालों को रूखा, बेजान और कमजोर बना सकते हैं. ऐसे में कई लोग प्राकृतिक और घरेलू उपायों की तलाश में रहते हैं. इन्हीं घरेलू नुस्खों में आम की गुठली से तैयार होने वाला एक खास हेयर मास्क भी शामिल है, जिसे बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है.
आम की गुठली से बनाएं नेचुरल हेयर मास्क
अक्सर लोग आम खाने के बाद उसकी गुठली को बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन आम की अंदरूनी गुठली का उपयोग बालों की देखभाल में किया जा सकता है. इसे लौंग, कलौंजी, दही और हिना पाउडर के साथ मिलाकर एक नेचुरल हेयर मास्क तैयार किया जाता है.
ऐसे तैयार करें हेयर मास्क
सबसे पहले आम की गुठली को तोड़कर उसके अंदर मौजूद छोटी गुठली निकाल लें. इसे अच्छी तरह सुखाकर कूट लें या मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें. अब 10 से 15 लौंग और 2 चम्मच कलौंजी को हल्की आंच पर ड्राई रोस्ट करें. ठंडा होने के बाद इन दोनों का भी बारीक पाउडर तैयार कर लें.
अब एक लोहे की कड़ाही में लौंग और कलौंजी का पाउडर डालें. इसमें 2 चम्मच आम की गुठली का पाउडर मिलाएं. इसके बाद 2 चम्मच दही और आवश्यकतानुसार हीना पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इस मिश्रण को पूरी रात लोहे की कड़ाही में ढक कर रखें. अगले दिन आपका नेचुरल हेयर मास्क इस्तेमाल के लिए तैयार होगा.
कैसे करें इस्तेमाल
तैयार हेयर मास्क को सफेद बालों पर अच्छी तरह लगाएं और करीब 2 घंटे तक लगा रहने दें. इसके बाद साफ पानी से बाल धो लें. अगले दिन हल्के शैंपू से हेयर वॉश कर सकते हैं. इस हेयर मास्क में मौजूद प्राकृतिक तत्व बालों को पोषण देने और उन्हें स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. बेहतर परिणाम के लिए इसे हर 15 दिन में एक बार इस्तेमाल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: