scorecardresearch

Khasta Khaja Recipe: घर पर बनाएं एकदम खस्ता और परतदार खाजा... आटा ऐसे गूंथें, बस इस एक गलती से रहें दूर!

Crispy Khaja: अगर आप भी भगवान जगन्नाथ के भोग के लिए घर पर स्वादिष्ट और परफेक्ट खाजा बनाना चाहते हैं, तो चलिए आपको बताते हैं घर पर खस्ता खाजा बनाने की रेसिपी के बारे में.

khaja recipe khaja recipe

ओडिशा के पुरी में स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर का महाप्रसाद देश ही नहीं, दुनिया भर में प्रसिद्ध है. मंदिर के महाप्रसाद में मिलने वाला खाजा स्वाद और परंपरा का अनोखा संगम माना जाता है. हालांकि, कई लोग इसे घर पर बनाने की कोशिश तो करते हैं, लेकिन मंदिर जैसा खस्ता और परतदार खाजा तैयार नहीं हो पाता. अगर आप भी भगवान जगन्नाथ के भोग के लिए घर पर स्वादिष्ट और परफेक्ट खाजा बनाना चाहते हैं, तो चलिए आपको बताते हैं घर पर खस्ता खाजा बनाने की रेसिपी के बारे में.

आटा गूंथने का सही तरीका
खाजा बनाने के लिए सबसे जरूरी है इसका आटा सही तरीके से गुथा जाए. तो आटा गुथने के लिए सबसे पहले एक गहरे बर्तन में मैदा लें और मोयन के लिए शुद्ध देसी घी मिलाएं. घी की मात्रा इतनी रखें कि हाथ से दबाने पर मैदा हल्का बंधने लगे. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मध्यम सख्त आटा गूंथ लें. आटा न बहुत कड़ा हो और न ही बहुत नरम. अब इसे ढककर करीब 15 मिनट के लिए रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और बेलते समय टूटता नहीं है.

खस्ता खाजा बनाने का तरीका
आटे को एक बार फिर हल्के हाथों से मसलें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई को जितना हो सके उतना पतला बेलें. अब एक रोटी पर घी लगाएं और उसके ऊपर थोड़ा सूखा मैदा छिड़क दें. इसी तरह दूसरी रोटी रखें और फिर घी व मैदा लगाएं. यही प्रक्रिया 4 से 5 रोटियों के साथ दोहराएं. इससे खाजा की खूबसूरत परतें तैयार होती हैं.

भूलकर भी न करें ये गलती
सभी रोटियों का टाइट रोल बनाते समय सबसे आखिरी किनारे पर थोड़ा सा पानी जरूर लगाएं. इससे रोल अच्छी तरह चिपक जाता है. अगर यह स्टेप छोड़ दिया जाए, तो तलते समय खाजा की परतें खुल सकती हैं और पूरी मिठाई खराब हो सकती है. रोल तैयार होने के बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और हल्के हाथों से लंबाई में बेल लें.

ऐसे तलें और चाशनी में डुबोएं
अब कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें और खाजा को हमेशा धीमी से मध्यम आंच पर तलें. तेज आंच पर तलने से यह बाहर से तो सुनहरा हो जाएगा, लेकिन अंदर की परतें अच्छी तरह नहीं पकेंगी. दूसरी ओर चीनी, पानी और केसर डालकर एक तार की चाशनी तैयार करें. तले हुए गरम खाजा को कुछ देर चाशनी में डुबोकर निकाल लें. आखिर में ऊपर से थोड़ा सा खांड छिड़क दें. इस तरह आपका कुरकुरा, परतदार और स्वादिष्ट खाजा भगवान जगन्नाथ के भोग के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा.

ये भी पढ़ें: