सावन के व्रत में साबूदाना खिचड़ी सबसे पसंदीदा व्यंजनों में से एक मानी जाती है. हल्की, स्वादिष्ट और ऊर्जा देने वाली यह खिचड़ी व्रत के दौरान खूब खाई जाती है. लेकिन इसे बनाने में सबसे बड़ी परेशानी साबूदाना भिगोने की होती है. कई बार लोग रात में साबूदाना भिगोना भूल जाते हैं और फिर व्रत के दिन खिचड़ी बनाने में परेशानी होती है.
अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको बताने जा रहे हैं बिना घंटों भिगोए भी साबूदाना बनाने की रेसिपी के बारे में. इस तरीके से आप प्रेशर कुकर की मदद से कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट साबूदाना खिचड़ी बना सकते हैं.
बिना भिगोए साबूदाना पकाने का आसान तरीका
सबसे पहले कच्चे साबूदाने को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और उसका पूरा पानी निकाल दें. अब इस साबूदाने को एक स्टील के डिब्बे में डालें. इसमें स्वाद अनुसार सेंधा नमक, थोड़ी सी चीनी, थोड़ा सा देसी घी और हल्का सा पानी मिलाएं. इसके बाद एक प्रेशर कुकर में थोड़ा पानी डालें. कुकर के अंदर साबूदाने वाला डिब्बा रखें और साथ में दो साबुत कच्चे आलू भी डाल दें. अब डिब्बे का ढक्कन बंद करके कुकर का ढक्कन लगा दें. मध्यम आंच पर इसे 3 सीटी आने तक पकाएं.
ऐसे मिलेगा खिलाखिला साबूदाना
जब कुकर का प्रेशर अपने आप निकल जाए तो डिब्बे को बाहर निकालें. इस समय साबूदाना पूरी तरह पक चुका होगा और आलू भी उबल जाएंगे. शुरुआत में साबूदाना थोड़ा चिपचिपा लग सकता है, लेकिन इसे आसानी से अलग-अलग किया जा सकता है. इसके लिए साबूदाने को छलनी में निकालकर ऊपर से ठंडा पानी डालकर अच्छी तरह धो लें. इससे साबूदाने के दाने अलग-अलग हो जाएंगे और खिचड़ी एकदम मोती जैसी खिली-खिली बनेगी.
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट साबूदाना खिचड़ी
अब कुकर को साफ करके उसमें थोड़ा देसी घी गर्म करें. इसमें जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और टमाटर डालकर अच्छे से भून लें. इसके बाद इसमें तैयार साबूदाना और उबले हुए आलू के छोटे टुकड़े डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें सेंधा नमक, थोड़ी चीनी, कुटी हुई काली मिर्च और भुनी हुई मूंगफली मिलाएं. सभी चीजों को अच्छे से मिलाने के बाद कुछ मिनट पकाएं. इस आसान कुकर ट्रिक की मदद से अब सावन व्रत के दौरान साबूदाना भिगोने की चिंता खत्म हो जाएगी और आप कम समय में स्वादिष्ट साबूदाना खिचड़ी तैयार कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें: