चावल भारतीय घरों में खाने का बेहद अहम हिस्सा है. इसके बिना खाना अधूरा माना जाता है. दाल-चावल हो, राजमा-चावल या फिर वेज पुलाव, हर रेसिपी की जान होते हैं खिले-खिले चावल. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि चावल बनाते समय चिपक जाते हैं या कच्चे रह जाते हैं. कई बार अच्छी क्वालिटी के चावल होने के बावजूद वे आपस में चिपक जाते हैं. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो आपको एक ऐसी सीक्रेट टिप बताने जा रहे हैं जिससे आपके चावल भी एकदम खिले-खिले बनेंगे.
क्यों चिपक जाते हैं चावल?
चावल में स्टार्च होता है. जब चावल पानी में पकता है, तो यह स्टार्च बाहर निकलकर दानों को आपस में चिपका देता है. अगर पानी कम हो या आंच ज्यादा हो, तो दाने जल्दी टूटने लगते हैं और टेक्सचर खराब हो जाता है. यही वजह है कि होटल या रेस्टोरेंट जैसे खिले-खिले चावल घर पर बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है.
चावल के पानी में मिला दें ये एक चीज
चावल उबालते समय पानी में एक चम्मच रिफाइंड तेल या घी डालने से दाने आपस में चिपकते नहीं और अलग-अलग रहते हैं.
कुछ लोग तेल की जगह आधा चम्मच नींबू का रस भी डालते हैं. नींबू की एसिडिटी स्टार्च को बैलेंस करती है और चावल को ज्यादा सफेद व खिला बनाती है.
ऐसे बनाएं परफेक्ट खिले-खिले चावल
सबसे पहले चावल को 2-3 बार धो लें, ताकि स्टार्च निकल जाए.
चाहें तो 20-30 मिनट के लिए भिगो दें, इससे दाने लंबे और फूले बनते हैं.
एक बड़े बर्तन में पानी उबालें.
उबलते पानी में तेल या नींबू का रस डालें.
अब चावल डालकर मध्यम आंच पर पकाएं.
जब दाने लगभग 90% पक जाएं, तो पानी छान लें.
ढक्कन ढककर 5 मिनट दम पर रख दें.
चावल बनाते समय ये 4 गलतियां न करें
1. पानी कम न रखें: कम पानी में चावल जल्दी चिपक सकते हैं.
2. बार-बार न चलाएं: चम्मच से ज्यादा हिलाने पर चावल के दाने टूट सकते हैं. इसलिए चावल को बार-बार न चलाएं.
3. ज्यादा न पकाएं: ओवरकुक होने पर चावल गीले और चिपचिपे हो जाते हैं.
4. तुरंत ढककर न रखें: भाप फंसने से चावल गीले हो सकते हैं.