अगर आपको करेले की सब्जी पसंद नहीं आती या आप इसमें नया स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो पंजाबी स्टाइल भरवां करेला एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. मसालों से भरपूर यह डिश खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है और इसकी खास बात यह है कि करेले का कड़वापन भी काफी कम हो जाता है.
रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ यह सब्जी खाने का स्वाद दोगुना कर देती है. इतना ही नहीं, सफर के दौरान टिफिन में पैक करके ले जाने के लिए भी यह एक परफेक्ट डिश मानी जाती है क्योंकि ठंडी होने के बाद भी इसका स्वाद शानदार लगता है.
कड़वापन दूर करने का आसान तरीका
भरवां करेला बनाने से पहले सबसे जरूरी काम होता है उसका कड़वापन कम करना. इसके लिए करेले को हल्का छीलकर बीच में चीरा लगाएं और उस पर नमक लगाकर 2 से 3 घंटे के लिए रख दें. नमक लगाने से करेले का कड़वापन बाहर निकल जाता है. इसके बाद करेले को अच्छी तरह पानी से धोकर निचोड़ लें. इससे सब्जी का स्वाद काफी बेहतर हो जाता है.
तैयार करें पंजाबी स्टाइल भरावन
इस रेसिपी की जान इसका मसालेदार स्टफिंग होता है. इसके लिए प्याज और कच्चे आम का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वाद में हल्की खटास और मसालेदार फ्लेवर जोड़ते हैं. बारीक कटी प्याज और कद्दूकस किए गए कच्चे आम में लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, सौंफ, गरम मसाला और नमक मिलाकर मसाला तैयार करें. इस मिश्रण को करेले के अंदर अच्छी तरह भर लें.
कुकर और कड़ाही में ऐसे पकाएं
भरे हुए करेले को कुकर में थोड़े पानी के साथ दो सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें हींग व जीरा डालकर तड़का लगाएं. फिर करेले डालकर धीमी आंच पर अच्छे से भूनें. जब करेले का पानी सूखने लगे और तेल अलग दिखने लगे, तब समझ जाएं कि सब्जी तैयार है. यह तरीका करेले को स्वादिष्ट और हल्का क्रिस्पी बना देता है.
खाने का स्वाद कर देगा दोगुना
पंजाबी स्टाइल भरवां करेला उन लोगों के लिए भी बेहतरीन है जिन्हें सामान्य करेला पसंद नहीं आता. मसालों और खास तरीके से पकाने की वजह से इसका स्वाद काफी लाजवाब हो जाता है. इसे लंच, डिनर या यात्रा के दौरान आसानी से खाया जा सकता है.