क्या आपके घर में भी इडली बच जाती है? अक्सर लोग अगले दिन उसे दोबारा गर्म करके खा लेते हैं या फिर फेंक देते हैं. लेकिन अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. बची हुई इडली से सिर्फ 10 मिनट में ऐसे स्वादिष्ट स्नैक्स बनाए जा सकते हैं, जिन्हें बच्चे और बड़े दोनों पसंद करेंगे. इससे खाने की बर्बादी भी नहीं होगी और हर बार एक नया स्वाद भी मिलेगा.
अगर शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन है, तो बची हुई इडली से फिंगर चिप्स बनाकर देखें. इडली को लंबी स्टिक की तरह काट लें. उस पर थोड़ा पानी छिड़कें और कॉर्नफ्लोर, नमक और काली मिर्च लगाएं. अब इसे गर्म तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. ऊपर से चाट मसाला, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें. यह आसान नाश्ता मिनटों में तैयार हो जाता है.
अगर घर में बेसन और उबले आलू हैं, तो बची हुई इडली से स्वादिष्ट पकौड़े बनाए जा सकते हैं. बेसन में नमक, हल्दी, लाल मिर्च और अजवाइन डालकर घोल तैयार करें. इडली को त्रिकोण आकार में काटें और उसके बीच में मसालेदार आलू की स्टफिंग, हरी चटनी और मीठी चटनी भर दें. फिर बेसन के घोल में डुबोकर हल्की आंच पर सुनहरा होने तक तल लें. यह रेसिपी बच्चों की भी पसंद बन सकती है.
सुबह जल्दी नाश्ता बनाना हो, तो इडली उपमा एक बढ़िया ऑप्शन है. पैन में तेल गर्म करके राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, हींग और प्याज भून लें. इसके बाद हल्दी, नमक, लाल मिर्च, थोड़ा सा चीनी, नींबू का रस और थोड़ा पानी डालें. अब कटी हुई इडली मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. ऊपर से हरा धनिया, सेव, नारियल का बुरादा और अनार के दाने डालकर परोसें. यह झटपट बनने वाला ब्रेकफास्ट पूरे परिवार को पसंद आएगा.
अगर आपको दही वड़ा पसंद है, तो बची हुई इडली से उसका आसान रूप तैयार किया जा सकता है. प्लेट में इडली रखें और उसके ऊपर फेंटा हुआ ठंडा दही डालें. फिर हरी चटनी, मीठी चटनी, चाट मसाला, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें. आखिर में सेव, हरा धनिया और अनार के दाने डालकर सजाएं. कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट स्नैक तैयार हो जाएगा.
बची हुई इडली से नई-नई रेसिपी बनाना सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि खाने की बर्बादी भी रोकता है. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए अलग से ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में नया नाश्ता तैयार हो जाता है.