Sabudan Kheer: साबूदाना को सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें फाइबर, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटी ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. साबूदाना के सेवन लोग व्रत में और बिना उपवास के भी खूब करते हैं. साबूदाने की खीर, साबूदाने की नमकीन खिचड़ी, वड़ा सहित कई तरह के डिश लोग बनाते हैं. आज हम आपको घर पर साबूदाना की खीर बनाने की विधि बता रहे हैं. यदि आप इस तरीके से स्वादिष्ट और पौष्टिक साबूदाना की खीर बनाएंगी तो खाने के बाद सभी लोग दूसरी चीजों से बनी खीर को भूल जाएंगे. खूब मांग-मांग कर खाएंगे.
साबूदाना खाने के फायदे
आपको मालूम हो कि साबूदाना टेपिओका स्टार्च से बनता है, जो कसावा पौधे की जड़ से निकाला जाता है. इसको बनाने के लिए इसकी जड़ को धोकर के उसको पीसकर इसका स्टार्च निकालकर के पूरा प्रोसेस होता है और फिर साबूदाना तैयार होता है. साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा ज्यादा होने से यह शरीर को तुरंत एनर्जी देने में मदद करता है. साबूदाना खाने में हल्का होता है और इसलिए इसको पचाना भी आसान होता. साबूदाना में विटामिन-के, आयरन, कैल्शियम पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं, जो हड्डियों के लिए लाभदायक हैं. साबूदाना में आयरन काफी होता है, जो लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में सहायक है. यह शरीर में खून की कमी को पूरा कर सकता है. जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, उनके लिए साबूदाने का सेवन फायदेमंद है. शाकाहारी लोगों के लिए साबूदाना प्रोटीन का अच्छा स्रोत है. साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. यदि आप वजन बढ़ाना चाहते हैं तो डाइट में साबूदाने से बनी डिश खा सकते हैंय
साबूदाना की खीर बनाने की सामग्री
1. साबुदाना
2. दूध
3. चीनी
4. इलायची पाउडर
5. काजू
6. बादाम
7. किशमिश
8. केसर
9. घी
साबूदाना की खीर बनाने की विधि
साबूदाना की खीर बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को साफ पानी से दो से तीन बार बधो लें, ताकि उसमें मौजूद अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए. फिर इसे पर्याप्त पानी में तीन-चार घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें. भीगने के बाद साबूदाना के दाने फूलकर नरम हो जाएंगे. ध्यान रखें कि पानी इतना हो कि दाने पूरी तरह डूब जाएं. इसके बाद एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह तले में न लगे. जब दूध में एक उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें.अब भीगा हुआ साबूदाना छानकर उबलते दूध में डाल दें. इसे धीमी आंच पर पकने दें.
बीच-बीच में चलाते रहें ताकि साबूदाना तले में चिपके नहीं. लगभग 10–15 मिनट में साबूदाना पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) होने लगेगा, जो इस बात का संकेत है कि वह पक चुका है. अब इसमें चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. चीनी डालने के बाद खीर थोड़ी पतली हो सकती है, इसलिए पांच-छह मिनट और पकाएं. फिर इलायची पाउडर और केसर डाल दें, जिससे खीर में सुगंध और सुंदर रंग आएगा. अब एक छोटे पैन में घी गर्म करें. उसमें काजू, बादाम और किशमिश हल्का सुनहरा होने तक भून लें. फिर इन्हें खीर में डालकर मिला दें. इससे खीर का स्वाद और भी बढ़ जाएगा. खीर जब मनचाही गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें. ध्यान रखें कि ठंडी होने पर खीर और गाढ़ी हो जाती है. आप इसे गर्म या ठंडा, दोनों तरह से परोस सकते हैं. यदि साबूदाना की खीर ज्यादा गाढ़ी हो जाए तो थोड़ा गर्म दूध मिलाकर सही गाढ़ापन लाया जा सकता है. व्रत के लिए साबूदाना की खीर बनाते समय चीनी की जगह आप गुड़ का भी उपयोग कर सकती हैं. स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें नारियल का बुरादा भी डाल सकती हैं.