soft and spicy stuffed idli recipe in hindi आज जब मैं दीदी के पास गई और उनसे पूछा की आज क्या बनाओगी, तो उन्होंने बोला साउथ इंडियन. मैंने बोला, कल ही तो हम इडली खाए थे. उनका जबाव आया कि आज भी खाएंगे, लेकिन कुछ अलग अंदाज की इडली.
उन्होंने आगे बताया कि छोटी जानती हो, इडली साउथ इंडिया का वह डिश है, जो देखते देखते नॉर्थ इंडिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी है. लोग इस डिश को शौक से घर घर में बनाते और खाते हैं. नॉर्मल इडली तो तुमने बहुत खाई होगी, आज मैं तुमको स्टफ इडली बनाना सिखाऊंगी. इस इडली में आलू की टेस्टी फिलिंग होती है, जो बच्चों को बहुत पसंद आती है. इसको बनाना इतना मुश्किल भी नहीं है. बस थोड़ा प्रोसेस बदलने की जरूरत है.
मैंने पूछा अच्छा कैसे? तो उन्होंने बोला बस मुंह बंद करके देखते जाओ.
उन्होंने इडली का बैटर बनाने के लिए एक बाउल लिया और उसमें पहले से तैयार इडली बैटर डाल दिया. फिर नमक मिलाकर उसे अच्छे से फेंटा, ताकि बैटर बिल्कुल स्मूद हो जाए.
मैं चुपचाप खड़ी होकर देख रही थी. फिर उन्होंने कहा, 'अब असली मजा आएगा, जब इसमें स्टफिंग जाएगी.'
दीदी ने एक पैन चढ़ाया और उसमें थोड़ा सा तेल डाला. तेल गरम होते ही उन्होंने राई डाली, फिर करी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च. जैसे ही खुशबू आने लगी, उसमें उबले हुए आलू मैश करके डाल दिए.
फिर हल्दी, नमक और थोड़ा सा चाट मसाला डालकर अच्छे से मिलाया. ऊपर से हरा धनिया डालते ही पूरा किचन खुशबू से भर गया.
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'देखा, यही है हमारी स्टफिंग, जो इडली को खास बनाएगी.'
मेरी भूख तो इतने में ही बढ़ गई दीदी. दीदी ने इस बात का जबाव देते हुए कहा, अभी देखते जाओ कैसे यह स्टफिंग इडली को और स्वादिष्ट बनाता है.
इसके बाद उन्होंने इडली स्टैंड लिया और उसके सांचों पर ब्रश से तेल लगाकर रख दिया.
पहले हर सांचे में थोड़ा सा बैटर डाला, फिर बीच में एक चम्मच आलू की स्टफिंग रखी और उसके ऊपर फिर से बैटर डालकर स्टफिंग को ढक दिया.
मैंने हैरानी से पूछा, 'इतना आसान?'
दीदी बोलीं, 'बस तरीका बदलो, स्वाद अपने आप बदल जाएगा.'
दीदी ने इतना कहते हुए इडली स्टैंड को स्टीमर में रख दिया. करीब 10 से 12 मिनट तक इडली को भाप में पकने दिया.
थोड़ी देर बाद जब ढक्कन खोला, तो सॉफ्ट और फूली फूली इडली तैयार थी. इडली को निकालते हुए दीदी ने कहा, 'ध्यान रखना, ज्यादा देर मत पकाना, वरना इडली सख्त हो जाएगी.'
फिर गरमा गरम स्टफ इडली को उन्होंने प्लेट में रखा और साथ में नारियल चटनी और सांभर के साथ परोसा.
मैंने एक बाइट ली और सच में, बाहर से सॉफ्ट और अंदर से मसालेदार आलू का स्वाद कमाल का लग रहा था.
दीदी हंसते हुए बोलीं, 'अब बताओ, कल वाली इडली से अलग लगी ना?'
मैंने तुरंत जवाब दिया, 'अब से मुझे तुम ही इडली बना कर खिलाओगी, वरना मैं मां को बता दूंगी तुम कल रात देर से घर आई थी'. इतना कहते ही दीदी इडली का प्लेट ले कर चली गई और बोली 'मम्मी से पूछ कर गई थी छोटी'.
खैर दीदी से तो इडली मैं ले ही लूंगी. लेकिन आप इस रेसिपी को घर में एक बार बना कर जरूर ट्राय करिएगा.
ये भी पढ़ें