अगर कुछ हेल्दी और पेट को ध्यान में रखकर खाना हो तो साउथ इंडियन ब्रेकफास्ट सबसे पहले ध्यान में आता है. साउथ इंडियन खाने में इडली सबसे जल्दी बनने वाली डिश है लेकिन कई बार घर पर बनाई गई इडली बाजार जैसी स्पंजी और मुलायम नहीं बन पाती. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो यहां जान लें सॉफ्ट इडली बनाने का सीक्रेट.
बैटर में मिलाएं एक चम्मच पोहा
इडली को मुलायम और स्पंजी बनाने के लिए बैटर पीसते समय उसमें 1 चम्मच भीगा हुआ पोहा मिला दें. पोहा चावल से ही बना होता है, इसलिए यह स्वाद नहीं बदलता, लेकिन बैटर में हल्कापन और एयरनेस बढ़ा देता है. इससे इडली सॉफ्ट बनती है और उसका टेक्सचर रुई जैसा हो जाता है. पोहा मिलाने से बैटर का फर्मेंटेशन भी बेहतर होता है. जब बैटर अच्छी तरह खमीर उठता है, तो इडली ज्यादा फूली हुई और हल्की बनती है.
कैसे बनाएं परफेक्ट इडली
परफेक्ट इडली के लिए चावल और उड़द दाल का अनुपात 3:1 या 4:1 रखें. दाल को कम से कम 4-5 घंटे और चावल को 6 घंटे तक भिगोना चाहिए. पीसते समय दाल को पहले बारीक पीसें, फिर चावल मिलाएं.
बैटर ज्यादा पतला या बहुत गाढ़ा नहीं होना चाहिए. इसकी कंसिस्टेंसी इतनी हो कि चम्मच से गिराने पर रिबन की तरह गिरे.
इडली की सॉफ्टनेस का सबसे बड़ा राज सही फर्मेंटेशन है. बैटर को गर्म जगह पर 8-10 घंटे के लिए ढककर रखें. ठंड के मौसम में ओवन की लाइट ऑन करके रखें.
अगर बैटर ठीक से फर्मेंट नहीं हो रहा है, तो उसमें एक चुटकी चीनी या थोड़ा-सा दही मिला दें.
अगर आपके पास इतना समय नहीं है तो बैटर में इनो मिला दें. इडली एकदम परफेक्ट बनेगी.
इसके अलावा इडली स्टीमर या कुकर में पानी पहले से उबलता हुआ होना चाहिए. बैटर डालने के बाद 10-12 मिनट तक मध्यम आंच पर भाप में पकाएं. बार-बार ढक्कन न खोलें.
पकने के बाद इडली को 2-3 मिनट तक ठंडा होने दें, फिर चम्मच या गीले कपड़े की मदद से निकालें. इससे इडली टूटेगी नहीं.
कुछ लोग चुटकीभर बेकिंग सोडा भी मिलाते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल बहुत कम मात्रा में करें, वरना स्वाद बदल सकता है.
इडली भाप में पकती है, इसलिए इसमें तेल बहुत कम लगता है. यह पचने में आसान होती है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए परफेक्ट ब्रेकफास्ट है.