गरमागरम पूरियां खाना तो सभी पसंद करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग ही ऐसे होंगे जिनकी पूरियां बनने के बाद भी सॉफ्ट और फूली-फूली रहती हों. अक्सर किचन में मेहनत पूरी होती है, पर कड़ाही से निकलते-निकलते पूरी या तो सख्त हो जाती है, या फिर ठीक से फूलती ही नहीं.
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो आटा गूंथते समय बस एक खास चीज मिला दें तो आपकी पूरियां भी गुब्बारे जैसी फूलेंगी और देर तक नरम बनी रहेंगी.
आटे में मिलाएं थोड़ी सी सूजी
फूली हुई और हल्की कुरकुरी पूरी के लिए आटा गूंथते समय 1-2 चम्मच सूजी मिला दें. सूजी आटे में हल्की क्रंच और स्ट्रक्चर देती है, जिससे पूरी तलते समय अंदर से हवा भरती है और वह अच्छे से फूलती है. बस ख्याल इतना रखना है कि सूजी ज्यादा न डालें, वरना पूरी सख्त हो सकती है. एक कप गेहूं के आटे में 1 से 2 चम्मच सूजी काफी होती है.
ऐसे गूंथें पूरी के लिए परफेक्ट आटा
एक बाउल में गेहूं का आटा लें.
उसमें 1-2 चम्मच सूजी और चुटकी भर नमक मिलाएं.
अब आटे में 1 छोटा चम्मच तेल डालें.
पानी थोड़ा-थोड़ा डालते हुए सख्त आटा गूंथें.
पूरी का आटा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त होना चाहिए. ज्यादा मुलायम आटा तेल सोख लेता है और ठीक से फूलता भी नहीं है.
पूरी तलते हुए रखें इन बातों का ख्याल
अक्सर लोग आटा गूंथते ही पूरियां बेलना शुरू कर देते हैं लेकिन 10-15 मिनट आटे को ढककर रखने से ग्लूटेन सेट होता है, जिससे पूरी तलते समय बेहतर तरीके से फूलती है.
परफेक्ट फूली हुई पूरी के लिए बेलने और तलने का तरीका बेहद अहम है. पूरियां न ज्यादा पतली बेलें, न बहुत मोटी. बेलते समय सूखा आटा कम से कम इस्तेमाल करें, वरना तलते वक्त तेल गंदा होता है और पूरी सख्त बन सकती है.
कड़ाही में तेल अच्छी तरह गरम होना चाहिए. तापमान जांचने के लिए छोटी-सी लोई डालें, अगर वह तुरंत ऊपर आ जाए तो तेल ठीक से गर्म होकर तैयार है.
पूरी को तेल में डालते ही हल्के से कलछी से दबाएं, इससे वह तेजी से फूलती है. एक तरफ फूलने के बाद पलटकर सुनहरा होने तक तलें.
परफेक्ट फूली हुई पूरियों के लिए एक्स्ट्रा टिप्स
आटा गूंथते समय थोड़ा गुनगुना पानी इस्तेमाल करें. चाहें तो 2-3 चम्मच दूध भी मिला सकते हैं, इससे पूरियां ज्यादा सॉफ्ट बनती हैं.
अगर पूरी सब्जी के साथ बन रही है तो आटे में चुटकी भर अजवाइन मिलाएं. इससे स्वाद बढ़ता है और पाचन भी बेहतर रहता है.
पूरियों को निकालकर सीधे प्लेट में रखने के बजाय टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.