Khaman Dhokla Recipe
Khaman Dhokla Recipe
अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर ढोकला बाजार जैसा फूला हुआ और सॉफ्ट नहीं बन पाता. कभी सख्त हो जाता है, तो कभी ठीक से फूलता नहीं लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप बाजार जैसा सॉफ्ट ढोकला घर पर भी बना सकते हैं.
सॉफ्ट ढोकला बनाने का असली सीक्रेट क्या है?
ढोकले को फूला हुआ और मुलायम बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है ENO फ्रूट सॉल्ट या बेकिंग सोडा. घोल में 1 चम्मच ENO डालते ही उसमें रिएक्शन होता है, जिससे छोटे-छोटे एयर बबल्स बनते हैं. यही बबल्स ढोकले को स्पंजी और हल्का बनाते हैं. बस आपको इतना ध्यान रखना है कि ENO डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर नहीं रखना है. तुरंत स्टीम कर लेना है.
ऐसे बनाएं इंस्टेंट ढोकला
एक बाउल में बेसन छान लें. इसमें दही, नमक, चीनी और अदरक-मिर्च पेस्ट डालें. थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद घोल तैयार करें. बैटर न ज्यादा पतला हो, न बहुत गाढ़ा.
इसे 10-15 मिनट ढककर रख दें ताकि बेसन हल्का सेट हो जाए.
अब कढ़ाई या स्टीमर में पानी गर्म करें. ढोकला प्लेट को हल्का तेल लगाकर ग्रीस कर लें.
स्टीम करने से ठीक पहले बैटर में 1 चम्मच ENO डालें. ऊपर से 1 चम्मच नींबू रस डालें और हल्के हाथ से मिलाएं.
जैसे ही बैटर में झाग दिखे, तुरंत उसे ग्रीस की हुई प्लेट में डालें और स्टीमर में रख दें.
अब इसे मीडियम आंच पर 15-20 मिनट स्टीम करें. टूथपिक डालकर चेक करें. अगर टूथपिक साफ निकले तो ढोकला तैयार है.
सॉफ्ट ढोकला बनाने के एक्स्ट्रा टिप्स
बेसन हमेशा छानकर इस्तेमाल करें.
बैटर में थोड़ी सी सूजी मिलाने से टेक्सचर बेहतर होता है.
स्टीम करते समय ढक्कन पर कपड़ा बांध लें ताकि पानी की बूंदें ढोकले पर न गिरें.
ओवरकुक न करें, वरना ढोकला सख्त हो जाएगा.
ढोकले में तड़का कैसे लगाएं?
एक पैन में तेल गर्म करें. उसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे तो करी पत्ता और हरी मिर्च डालें. अब आधा कप पानी में चीनी घोलकर इसमें डाल दें.
इस तड़के को तैयार ढोकले पर बराबर फैलाएं. इससे ढोकला अंदर तक नम और सॉफ्ट रहेगा.
ऊपर से हरा धनिया और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर सर्व करें.
इंस्टेंट ढोकला बनाना क्यों है आसान?
यह रेसिपी बिना लंबी फर्मेंटेशन के तैयार हो जाती है. नाश्ते, बच्चों के टिफिन या अचानक आए मेहमानों के लिए ये परफेक्ट ऑप्शन है.