रंग-बिरंगी और रसीली टूटी फ्रूटी बच्चों को खूब पसंद आती है. टूटी फ्रूटी केक से लेकर आइसक्रीम तक हर चीज में देखने को मिल जाती है. ये इतनी स्वादिष्ट होती है कि इसे खाते ही मजा आ जाता है. लेकिन बाजार में मिलने वाली टूटी फ्रूटी को कैसे तैयार किया गया ये कोई नहीं जानता. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे घर पर भी बेहद आसानी से बनाया जा सकता है. सबसे खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे फल की जरूरत नहीं पड़ती. बल्कि घर में मौजूद कच्चे पपीते से ही स्वादिष्ट और रंगीन टूटी-फ्रूटी तैयार की जा सकती है. तो चलिए आज आपको बताते हैं घर पर टूटी-फ्रूटी बनाने की रेसिपी...
टूटी-फ्रूटी बनाने का सामान
1 मध्यम आकार का कच्चा पपीता
1.5 कप चीनी
3 कप पानी
1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
लाल, हरा, पीला फूड कलर
टूटी-फ्रूटी बनाने की रेसिपी
सबसे पहले पपीते को छीलकर उसके बीज निकाल दें. इसे छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें. ध्यान रहे कि टुकड़े एक ही साइज के हों ताकि वे दिखने में अच्छे लगें.
इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें पपीते के टुकड़े डालकर 5 से 7 मिनट तक हल्का उबाल लें. ध्यान रखें कि टुकड़े बहुत ज्यादा नरम न हों. ब टुकड़े थोड़े नरम हो जाए, तो गैस बंद कर दें और पानी छानकर टुकड़ों को अलग रख लें.
अब एक पैन में 1.5 कप चीनी और 2 कप पानी डालकर उबालें. जब चीनी घुल जाए, तो उबले हुए पपीते के टुकड़े इसमें डाल दें. इसे धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकाएं जब तक कि चाशनी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए और पपीता चाशनी को अच्छे से सोख न ले. लास्ट में वनीला एसेंस डालकर मिला दें.
अब पपीते के टुकड़ों को अलग-अलग कटोरियों में बांट लें और हर कटोरी में अलग रंग मिला दें और इन्हें 7 से 8 घंटे या रातभर ढककर छोड़ दें.
अगले दिन, चाशनी को छानकर टुकड़ों को निकाल लें. एक प्लेट या जाली पर इन्हें फैला दें. पंखे की हवा में 1-2 दिन के लिए सूखने दें. जब इनका चिपचिपापन खत्म हो जाए, तो समझें कि टूटी-फ्रूटी तैयार है.
ये भी पढ़ें: