रसोई में नींबू का इस्तेमाल लगभग हर दिन किया जाता है. यह न केवल खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है. लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि हम जरूरत से ज्यादा नींबू खरीद लेते हैं, यह सोचकर कि आगे भी इस्तेमाल करेंगे. लेकिन कुछ ही दिनों में वे सूखने या खराब होने लगते हैं. अगर सही तरीके से इन्हें स्टोर किया जाए, तो नींबू लंबे समय तक ताज़ा और रसदार बनाए रखे जा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं कुछ टिप्स जिनसे आप भी इन्हें ताज़ा रख सकते हैं.
फ्रिज हैं उनका सही ठिकाना
नींबू को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए फ्रिज सबसे बेहतर ऑप्शन होता है. लेकिन उन्हें सीधे फ्रिज में रखने की बजाय एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में स्टोर करना ज्यादा फायदेमंद होता है. इससे नींबू की नमी बरकरार रहती है और वे जल्दी सूखते नहीं हैं. आप इन्हें फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रखें, जहां तापमान बैलेंस्ड रहता है. इस तरीके से स्टोर करने पर नींबू 2 से 3 हफ्तों तक आसानी से ताजगी बनाए रख सकते हैं.
पानी में डुबोकर रखें, बचे रहेंगे सूखने से
अगर आप चाहते हैं कि नींबू लंबे समय तक रसीले बने रहें, तो पानी का इस्तेमाल बेहद कारगर तरीका है. इसके लिए एक बाउल या कंटेनर में पानी भरें और उसमें सभी नींबू डालकर फ्रिज में रख दें. पानी में रहने से नींबू की बाहरी परत सख्त नहीं होती और अंदर का रस सेफ रहता है. यह तरीका खासतौर पर गर्मियों में बहुत फायदेमंद साबित होता है, जब नींबू जल्दी सूख जाते हैं.
एल्युमिनियम फॉयल से स्टोर करें नमी
नींबू को स्टोर करने का एक और आसान तरीका है उन्हें एल्युमिनियम फॉयल या पेपर में लपेटना. हर नींबू को अलग-अलग लपेटने से उनकी नमी लंबे समय तक बनी रहती है. यह तरीका खासतौर पर तब उपयोगी है जब आप नींबू को फ्रिज में रखते हैं. इससे नींबू एक-दूसरे के टच में कम आते हैं और जल्दी खराब नहीं होते.
कटे हुए नींबू को कैसे करें स्टोर
अगर आपने नींबू काट लिया है और उसे बाद में इस्तेमाल करना है, तो उसे खुला न छोड़ें. कटे हुए हिस्से को प्लास्टिक रैप से कवर करें या एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे नींबू सूखने से बचता है और उसका स्वाद भी बरकरार रहता है.
सही खरीदारी भी है जरूरी
सही तरीके से स्टोर करने से ज्यादा जरूरी है, सही नींबू की खरीदारी. जब भी नींबू खरीदे तो हमेशा ताजे, सख्त और चमकदार नींबू ही खरीदें. नरम या दागदार नींबू जल्दी खराब हो सकते हैं.
इन आसान तरीकों को अपनाकर आप नींबू को लंबे समय तक ताजा और इस्तेमाल के लायक बनाए रख सकते हैं, जिससे आपकी रसोई में हमेशा ताजगी बनी रहेगी.