बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो दिलाता है, लेकिन अपने साथ कई परेशानियां भी लेकर आता है. इन्हीं में से एक बड़ी समस्या है कपड़ों का देर से सूखना और उनमें सीलन की बदबू आना. कई बार कपड़े बाहर या घर के अंदर लंबे समय तक सुखाने के बाद भी पूरी तरह नहीं सूख पाते. ऐसे में उनमें नमी बनी रहती है और कुछ ही समय में बदबू आने लगती है. अगर ऐसे कपड़ों को अलमारी में रख दिया जाए, तो बदबू और भी बढ़ जाती है. हालांकि, कुछ आसान आदतें अपनाकर इस परेशानी से काफी हद तक बचा जा सकता है. चलिए आपको बताते है कैसे...
आखिर क्यों आने लगती है कपड़ों से बदबू?
मॉनसून के दौरान हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ जाता है. इसकी वजह से कपड़े जल्दी नहीं सूखते और उनमें हल्की नमी रह जाती है. यही नमी बैक्टीरिया और फंगस के पनपने का कारण बनती है. इसी वजह से कपड़ों से सीलन जैसी बदबू आने लगती है. इसलिए बारिश के मौसम में कपड़ों को सही तरीके से सुखाना और संभालकर रखना बहुत जरूरी होता है.
इन 5 आसान तरीकों से कपड़े रहेंगे फ्रेश
पूरी तरह सूखने के बाद ही रखें
कपड़ों में जरा सी भी नमी नहीं रहनी चाहिए. अगर धूप नहीं है, तो पंखे, एग्जॉस्ट फैन या एसी के ड्राई मोड की मदद से कपड़ों को अच्छी तरह सुखाएं. पूरी तरह सूखे कपड़ों में बदबू आने की संभावना कम रहती है.
सफेद सिरके का करें इस्तेमाल
कपड़े धोते समय आखिरी बार पानी से निकालने से पहले उसमें आधा कप सफेद सिरका मिला सकते हैं. इससे बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम होते हैं और कपड़े ज्यादा फ्रेश महसूस होते हैं.
अलमारी को भी रखें सूखा
अगर अलमारी में नमी रहती है, तो साफ कपड़ों में भी बदबू आने लगती है. समय-समय पर अलमारी के दरवाजे खोलकर हवा लगने दें. कपूर, सिलिका जेल पैक या सूखी नीम की पत्तियां रखने से भी नमी और बदबू कम होती है.
वॉशिंग मशीन में गीले कपड़े न छोड़ें
कपड़े धुलने के बाद उन्हें लंबे समय तक मशीन में छोड़ने से सीलन की बदबू आने लगती है. इसलिए कपड़े धुलते ही बाहर निकालकर फैला दें ताकि वे जल्दी सूख सकें.
फैब्रिक फ्रेशनर
अगर लगातार बारिश के कारण कपड़े देर से सूख रहे हैं, तो हल्के खुशबू वाले फैब्रिक फ्रेशनर का इस्तेमाल किया जा सकता है. ध्यान रखें कि ऐसा प्रोडक्ट चुनें जो कपड़ों को ताजगी दे और फैब्रिक को नुकसान भी न पहुंचाए.
ये भी पढ़ें: