Advertisement

Curry Leaves Plant Care Tips: करी पत्ते पर लगने लग गई है सफेद फफूंदी? करें ये एक चीज... ठीक हो जाएगी पौधे की सेहत

करी पत्ते के पौधे की पत्तियों पर जमने वाली सफेद फफूंदी या मिलीबग पौधे की सेहत बिगाड़ सकते हैं. यदि नीम का तेल असर न करे, तो इस हैक को अपना सकते हैं. सही समय पर छिड़काव और उचित देखभाल से पौधे को सुरक्षित रखा जा सकता है.

करी पत्ते के पौधे की कैसे करें केयर (Photo- Freepik)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:38 PM IST

करी पत्ते का पौधा घर में लगाना काफी आसान है, लेकिन देखभाल करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. दरअसल आपने नोटिस किया होगा कि थोड़े समय बाद पौधे की पत्तियों पर सफेद-सफेद परत दिखाई देने लगती है. शुरुआत में यह मामूली लग सकती है, लेकिन धीरे-धीरे इसी कारण पत्तियों की चमक कम या काली पड़ने लगती है और पौधे की बढ़त भी धीरे घटने लगती है. कई बार यह सफेद परत फफूंदी होती है, तो कुछ मामलों में मिलीबग जैसे कीट भी सफेद रूई जैसी परत में दिखाई देते हैं. इसलिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि पत्तियों पर सफेद निशान किस वजह से आए हैं. सही कारण पता चलने के बाद तुरंत पौधे का इलाज करें ताकि पौधे को सूखने से बचाया जा सके.

अपनाएं ये नया तरीका
अगर करी पत्ते के पौधे पर सफेद परत दिखाई दे रही है, तो ऐसे में नीम का तेल काम आ सकता है. लेकिन अगर तेल काम न करें तो तुरंत अलर्ट हो जाएं. दरअसल पत्तों पर ये सफेद परत कई बार मिलीबग या दूसरे छोटे कीट भी हो सकते हैं. नीम का तेल इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर देख लें कि समस्या फफूंदी की है या कीटों की. फफूंदी होने पर सिर्फ नीम का तेल असर नहीं करता. ऐसे में पौधों के लिए बने उपयुक्त फफूंदनाशक का इस्तेमाल करना पड़ सकता है, जिसे आप घर में बेकिंग सोडा और पानी से आसानी से बना सकते हैं. अगर करी पत्ते पर फफूंदी दिखाई दे रही है, और नीम के तेल से भी खत्म नहीं हो रही तो पौधों के लिए इस्तेमाल होने वाला सही फफूंदनाशक मदद कर सकता है, जिसे बेकिंग सोडा और पानी को घोल कर फफूंदी पर नियंत्रित करने के लिए बनाया जाता है.

कैसे काम करता है बेकिंग सोडा स्प्रे?
बेकिंग सोडा पानी में मिलकर पत्तियों की सतह का पीएच बदल सकता है. इससे फफूंदी के बढ़ने की संभावना कम हो सकती है. लेकिन घोल ज्यादा गाढ़ा होने पर पत्तियों को नुकसान भी पहुंच सकता है. इसलिए इसे ज्यादा मात्रा में डालना या बार-बार छिड़कना सही नहीं है. अगर इस्तेमाल के बाद पत्तियों पर भूरे धब्बे दिखें या वे मुरझाने लगें, तो इसका छिड़काव बंद कर दें. या फिर इसमें और पानी डालकर स्प्रे करें. ध्यान रखें कि छिड़काव दिन के वक्त न करें.

कब और कितनी बार डालें बेकिंग सोडा स्प्रे?
स्प्रे करने से पहले पौधे की कुछ पत्तियों पर घोल लगाकर देख लें. अगले 24 से 48 घंटे में कोई नुकसान नजर न आए, तभी बाकी पौधे पर इस्तेमाल करें. छिड़काव सुबह या शाम के समय करें और तेज धूप में इसे डालने से बचें. बेकिंग सोडा का स्प्रे सप्ताह में दो से तीन बार ही करें. इतने में ही फायदा दिखना शुरू हो जाएगा. 

ज्यादा स्प्रे डालने से क्या होगा?
अगर आप पौधे पर जरूरत से ज्यादा बेकिंग सोडा स्प्रे डालते हैं, तो पत्तियों पर भूरे धब्बे पड़ सकते हैं. पत्तियों के किनारे सूख सकते हैं और पौधे की सेहत पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए घोल को गाढ़ा न बनाएं. और तो और इसका छिड़काव भी बार-बार करने से बचें. किसी भी घरेलू उपाय को पूरे पौधे पर इस्तेमाल करने से पहले कुछ पत्तियों पर आजमाना कर जरूर देख लें.

पौधे को स्वस्थ रखने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान
करी पत्ते के पौधे को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ स्प्रे पर निर्भर न रहें. इसे ऐसी जगह रखें, जहां पर्याप्त रोशनी और हवा आती हो. पानी उतना ही दें, जितना मिट्टी को नम रखने के लिए जरूरी हो. गमले में पानी जमा रहने से बचाएं और पौधे के आसपास गिरी या खराब पत्तियों को हटा दें.

समय-समय पर पत्तियों के नीचे और तनों को भी ध्यान से देखें, क्योंकि कई कीट वहीं छिपे रहते हैं. इसके लिए हफ्ते में एक बार हल्दी का छिड़काव करते रहें. अगर सफेद परत लगातार बढ़ रही है, तो प्रभावित पत्तियों को अलग करें और पौधे को कुछ समय के लिए दूसरे पौधों से दूर रखें, ताकि फफूंदी दूसरे पौधे को न छूए. इन कुछ बातों का ध्यान रखकर आप करी पत्ते को पौधे को संरक्षित रख सकते हैं. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement