बारिश की बूंदें गिर रही हों, मौसम थोड़ा ठंडा हो और हाथ में गरमा-गरम भुट्टा हो, तो फिर क्या कहने. भुट्टे का स्वाद ही ऐसा है कि बरसात आते ही बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं. सड़क किनारे अंगीठी पर सिकता भुट्टा और उस पर नींबू, नमक और मसाले का स्वाद का मजा ही अलग होता है जो सभी को पसंद आता है. लेकिन अगर बाहर जाकर भुट्टा खाने का मन नहीं है, तो इसे घर पर भी बाजार जैसा बनाया जा सकता है. इसके लिए न किसी खास तैयारी की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा सामान चाहिए.
सबसे पहले भुट्टा तैयार करें
सबसे पहले ताजा और नरम भुट्टा लें. उसके ऊपर लगे पत्ते और रेशे अच्छी तरह निकाल दें. इसके बाद भुट्टे को पानी से धोकर साफ कर लें और कपड़े से पोछकर सुखा लें. भुट्टा जितना ताजा होगा, सिकने के बाद उसका स्वाद उतना ही मीठा होगा.
गैस पर ऐसे सेंके भुट्टा
गैस पर भुट्टा सेंकना सबसे आसान तरीका है. गैस जलाकर उस पर भुट्टा रखें और चिमटे की मदद से धीरे-धीरे घुमाते रहें. भुट्टे को एक ही जगह ज्यादा देर तक न रखें, वरना दाने जल सकते हैं. धीरे-धीरे घुमाते हुए भुट्टे को तब तक सेंकें, जब तक उसके दानों पर काले और भूरे निशान नजर न आने लगें. अच्छी तरह सिकने के बाद भुट्टे से एक अलग ही मीठी सी खुशबू आने लगेगी और दाने भी नरम हो जाएंगे.
एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं
अगर गैस पर भुट्टा नहीं सेंकना चाहते तो एयर फ्रायर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसके लिए साफ किए हुए भुट्टे को एयर फ्रायर में रखें और उसे तब तक पकाएं, जब तक दाने अच्छी तरह सिककर हल्के सुनहरे और भुने हुए नजर न आने लगें. एयर फ्रायर में बनाते समय बीच-बीच में भुट्टे को पलटते रहें, ताकि वह चारों तरफ से बराबर पक सके.
इस खास चटनी के साथ परोसें
भुट्टा अच्छी तरह सिक जाए तो उसे कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद एक नींबू के टुकड़े पर नमक और कुटी हुई काली मिर्च लगाएं और इसे भुट्टे पर अच्छी तरह रगड़ें. नींबू का खट्टापन, नमक और काली मिर्च भुट्टे के स्वाद को एकदम बदल देंगे. अगर आपको थोड़ा ज्यादा मसालेदार स्वाद पसंद है, तो कुटी हुई काली मिर्च की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से बढ़ा सकते हैं.
ये भी पढ़ें