कोई भी मौसम हो कई साल तक अचार नहीं होगा खराब, जान लें स्टोर करने का आसान तरीके

मसालों से भरपूर अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि इसमें मौजूद प्रोबायोटिक गुण पाचन के लिए भी फायदेमंद होते हैं. हालांकि कई लोग शिकायत करते हैं कि उनका अचार जल्दी खराब हो जाता है या उसमें फफूंद लग जाती है. ऐसे में कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपने अचार की शेल्फ लाइफ को काफी बढ़ा सकते हैं.

How to store pickle
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:19 PM IST

गर्मी हो या सर्दी, भारतीय रसोई में अचार का खास स्थान होता है. आम, कटहल, गाजर, मूली, आंवला या पपीता जैसे सीजनल फूड्स को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का सबसे पारंपरिक और स्वादिष्ट तरीका अचार ही है. मसालों से भरपूर अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि इसमें मौजूद प्रोबायोटिक गुण पाचन के लिए भी फायदेमंद होते हैं. हालांकि कई लोग शिकायत करते हैं कि उनका अचार जल्दी खराब हो जाता है या उसमें फफूंद लग जाती है. ऐसे में कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपने अचार की शेल्फ लाइफ को काफी बढ़ा सकते हैं.

नमी से बचाव है सबसे जरूरी
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहली और जरूरी शर्त है नमी से बचाव. जिस बर्तन में अचार रखा जाए वह पूरी तरह सूखा होना चाहिए. अचार निकालते समय इस्तेमाल की जाने वाली चम्मच भी बिल्कुल सूखी होनी चाहिए. साथ ही जहां अचार रखा जाए, वहां सीलन नहीं होनी चाहिए. थोड़ी सी भी नमी अचार को जल्दी खराब कर सकती है.

सही बर्तन का करें चुनाव
पुराने समय में दादी-नानी मिट्टी या सिरेमिक की बरनी में अचार रखती थीं. ये बर्तन अचार को लंबे समय तक ताजा बनाए रखने में मदद करते हैं क्योंकि इनमें नमी प्रवेश नहीं करती और तापमान संतुलित रहता है. कांच के जार भी अच्छा विकल्प हैं. हालांकि प्लास्टिक के डिब्बों में अचार रखने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे अचार जल्दी खराब हो सकता है और सेहत पर भी असर पड़ सकता है.

सिरका बढ़ाए शेल्फ लाइफ
अगर आप अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं तो उसमें थोड़ा सा सिरका मिलाना फायदेमंद होता है. सफेद सिरका एक नेचुरल प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है और फफूंद बनने से रोकता है. ध्यान रखें कि इसकी मात्रा संतुलित हो. लगभग 1 किलो अचार में 30 से 50 ग्राम सिरका पर्याप्त होता है, ज्यादा डालने से स्वाद बदल सकता है.

इन बातों का भी रखें ध्यान
अचार बनाने से पहले जार या बरनी को गर्म पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि बैक्टीरिया खत्म हो जाएं. धोने के बाद इसे कपड़े से पोंछकर धूप में पूरी तरह सुखाएं. अगर अचार तेल वाला है तो यह सुनिश्चित करें कि सभी सामग्री पूरी तरह तेल में डूबी रहे. इसके अलावा अचार को कुछ दिनों तक धूप दिखाना जरूरी होता है. स्टोर करने के बाद भी हर 15 दिन में 1 से 2 घंटे की धूप दिखाने से अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED