scorecardresearch

खाने में ज्यादा नमक हो गया है? घबराएं नहीं... अपना लें ये किचन हैक्स, नहीं बदलेगा करी का स्वाद

किचन में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से आप ज्यादा नमकीन करी को आसानी से संतुलित कर सकते हैं. ये आसान और कारगर तरीके न सिर्फ नमक को कम करते हैं बल्कि खाने के स्वाद को भी बेहतर बना देते हैं.

How to fix excess salt in curry How to fix excess salt in curry

कई खाना बनाते समय नमक का अंदाजा बिगड़ जाता है और स्वाद खराब होने का डर सताने लगता है. खासकर जब मेहमान आने वाले हों, तब यह गलती और भी परेशान कर देती है. लेकिन अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है. किचन में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से आप ज्यादा नमकीन करी को आसानी से संतुलित कर सकते हैं. ये आसान और कारगर तरीके न सिर्फ नमक को कम करते हैं बल्कि खाने के स्वाद को भी बेहतर बना देते हैं.

आटे की लोई
अगर आपकी करी में नमक ज्यादा हो गया है, तो गेहूं के आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उसे उबलती करी में डाल दें. करीब 10 से 15 मिनट तक इन्हें पकने दें. ये लोइयां स्पंज की तरह काम करती हैं और अतिरिक्त नमक को अपने अंदर सोख लेती हैं. बाद में इन्हें निकालकर फेंक दें. इससे करी का स्वाद संतुलित हो जाएगा और उसके असली फ्लेवर में कोई बदलाव नहीं आएगा.

भुना हुआ बेसन
पतली करी में नमक ज्यादा हो जाए तो भुना हुआ बेसन डालना एक बेहतरीन उपाय है. पहले बेसन को अलग से हल्का सुनहरा होने तक भून लें, फिर इसे करी में अच्छी तरह मिलाएं. इससे न केवल नमक का असर कम होता है, बल्कि करी को एक गाढ़ा और रिच टेक्सचर भी मिलता है.

आलू
भारतीय रसोई में नमक कम करने का सबसे आम तरीका है कच्चे आलू का इस्तेमाल. आलू को छीलकर बड़े टुकड़ों में काटें और करी में डालकर 10 मिनट तक पकाएं. आलू नमक और पानी को सोख लेता है. बाद में आप चाहें तो आलू को निकाल सकते हैं या फिर डिश का हिस्सा बनाकर परोस सकते हैं.

क्रीम, दही या मलाई
अगर नमक थोड़ा ही ज्यादा है, तो क्रीम, दही या मलाई मिलाना फायदेमंद होता है. इन चीजों में मौजूद फैट नमक के तीखेपन को कम कर देता है. खासकर टमाटर आधारित या मसालेदार करी में यह तरीका बहुत अच्छा काम करता है. इससे खाने में रिचनेस बढ़ती है और स्वाद भी निखर जाता है.

खट्टा और मीठा
कभी-कभी नमक को संतुलित करने के लिए स्वाद के दूसरे तत्वों का सहारा लेना पड़ता है. इसके लिए थोड़ा सा नींबू का रस या अमचूर और एक चुटकी चीनी या गुड़ डाल सकते हैं. खट्टापन नमक के असर को काटता है, जबकि मिठास स्वाद को संतुलित करती है. इससे डिश में एक नया और स्वादिष्ट खट्टा-मीठा फ्लेवर आ जाता है.

ये भी पढ़ें: