साग विटामिन ए, सी, के, आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत है. पालक का साग हो, बथुआ, मेथी, सरसों या चना का साग हो, किसी को भी खाने पर हमारे शरीर को काफी लाभ मिलता है. साग खाने से कई बीमारियां पास तक नहीं फटकती हैं. आज हम आपको साग को रखने के तरीकों के बारे में बता रहे हैं. यदि आप इस तरह से साग को स्टोर करके रखेंगे या रखेंगी तो सप्ताह भर साग ताजा और हरा रहेगा.
पालक, बथुआ, चना, सरसों, मेथी का साग हो या और कई हरी पत्तेदार सब्जियां, सभी नमी के प्रति अति संवेदनशील होती हैं. इन्हें थोड़ी सी गीलापन या बंद हवा गलाने लगती है. कई बार हरी पत्तेदार सब्जियों को फ्रिज में रखने के बावजूद एक-दो दिन में ही बदबू आने लगती है. इसमें सब्जियों की कोई गलती है नहीं, आपकी गलत स्टोरेज के कारण ऐसा होता है. साग स्टोर करते समय ध्यान रखें यह गीला न हो. साग की पत्तियां सड़ी-गली न हों. साग को प्लास्टिक की थैली में कसकर बांधकर न रखें.
फ्रिज में ऐसे रखें साग
यदि आप साग को फ्रिज में रखना चाहती हैं तो सबसे पहले साग से पीले और खराब पत्तों को अलग कर दें. इसके बाद साग को पानी अच्छे तरह से धो लें. फिर इस साग को पूरी तरह से सुखाएं. इतना सब करने के बाद अब साग को काटकर पेपर टॉवल पर फैला दें. इसे कुछ देर तक हवा में सूखने दें. इसके बाद कांच या प्लास्टिक का एयरटाइट डिब्बा लें. इसमें नीचे एक पेपर टॉवल बिछाएं, फिर उस पर कटा हुआ साग रखें और ऊपर से फिर एक पेपर टॉवल रखकर ढक्कन बंद कर दें. ऐसा करने पेपर अतिरिक्त नमी सोख लेता है और साग एक सप्ताह तक ताजा बना रहता है.
जिपलॉक बैग में साग को ऐसे करे स्टोरेज
आप साग को फ्रिज की जगह जिपलॉक बैग में भी रख सकती है. इस बैग में साग को रखने के लिए पहले पालक, बथुआ या मेथी साग को काट लें. इसके बाद इस साग को अलग-अलग बैग में भर दें. बैंग बंद करने से पहले इसमें हवा को पूरी तरह से बाहर निकाल दें. इस बैग के अंदर एक छोटा टिश्यू पेपर जरूर डालें. इससे नमी कंट्रोल में रहती है. इस तरीके से आप साग को रखेंगी तो जरूरत के हिसाब से पैकेट निकाल सकती हैं. आपको बाकी साग को छुना नहीं पड़ेगा.
ब्लांचिंग वाला तरीका अपनाएं
यदि आप साग को एक सप्ताह से ज्यादा दिनों के लिए स्टोर करना चाहती हैं तो आप ब्लांचिंग वाला तरीका अपना सकती है. इसमें आपको सबसे पहले कटी हुई साग को दो मिनट उबलते पानी में डालना होगा. इसके बाद तुरंत इस साग को बर्फ वाले ठंडे पानी में डालना होगा. ऐसा करने के बाद साग से पानी निचोड़कर छोटे-छोटे हिस्से बना लें और फ्रीजर में रख दें. यह तरीका पालक और मेथी को रखने के लिए काफी अच्छा माना जाता है.
बिना फ्रिज के ऐसे रखें साग
यदि आपके घर में फ्रिज नहीं है तो भी आप साग को दो से तीन दिनों तक ताजा रख सकती हैं. आप साग की जड़ों को पानी में बिना धोए, हल्के गीले सूती कपड़े में ढीला लपेटकर हवादार जगह पर रख दें. साग ताजा रहेगा. आप साग रखने के लिए दूसरा तरीका भी अपना सकते हैं. आपको साग की जड़ों को पानी से भरे गिलास में रखना होगा. इसमें ध्यान रखें कि सिर्फ जड़ें पानी में डूबी हों, पत्ते नहीं. इससे साग को प्राकृतिक नमी मिलता रहता है और साग लंबे समय तक ताजा रहता है.