हमारी रसोई में प्याज़ एक अहम हिस्सा होती है. लगभग हर सब्जी, दाल या सलाद में इसका इस्तेमाल स्वाद को बढ़ाने के लिए किया जाता है. साथ ही प्याज़ को खाने से शरीर को भी काफी फायदा पहुंचता है. खातकर गर्मियों में इसका सेवन काफी लाभकारी होता है. लेकिन जब बात इसे स्टोर करने की आती है, तो यह या तो जल्दी खराब हो जाती है या फिर जल्दी अंकुरित हो जाती है. ऐसे में जरूरी हो जाता है उन हैक्स को जानना जिनकी मदद से इसे लंबे समय के लिए सही से स्टोर किया जा सके.
स्टोर करने के लिए सही जगह जरूरी
प्याज़ को स्टोर करने के दौरान सबसे पहले उसकी सही जगह का चुनाव करना काफी मायने रखता है. प्याज को हमेशा किसी ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर स्टोर करें. अगर प्याज के आसपास हवा आती जाती रहेगी, तो यह नमी से बची रहेगी और जल्दी खराब नहीं होगी. जबकि अगर इसे किसी बंद जगह पर रखा जाए तो इसके जल्दी खराब होने के चांस काफी बढ़ जाते हैं.
आलू से बनाएं रखें इसकी दूरी
कई घरों में आलू और प्याज़ को एक ही जगह पर रख दिया जाता है. इसके पीछे एक आम कारण है कि आसानी से जब जिसकी जरूरत पड़े, तो उसे ले लिया जाए. लेकिन ऐसा करना बहुत बड़ी गलती साबित हो सकता है. दरअसल आलू से निकलने वाली नमी और गैस से प्याज़ से जल्दी खराब होने से चांस बहुत तेज़ी के साथ बढ़ जाते हैं. दोनों को एक साथ स्टोर करने से इन दोनों की शेल्फ लाइफ भी काफी कम हो जाती है. इसलिए बेहतर होगा कि आप दोनों को अलग-अलग स्टोर करें.
बाहरी छिलका है सुरक्षा कवच
कई लोगों में आदत होती है कि जब वह प्याज़ को स्टोर करते हैं, तो उसका बाहरी छिलका उतार देते हैं. लेकिन आपको बता दें कि यही छिलका प्याज़ को जल्दी खराब होने से बचाता है. दरअसल यह छिलका नमी को कंट्रोल करने और प्याज़ से बैक्टीरिया को दूर रखने में मदद करता है.
क्यों अंकुरित होती है प्याज़, कैसे करें बचाव
प्याज़ के अंकुरित होने के पीछे बड़ा कारण होती है नमी. अगर आप प्याज़ को किसी प्लास्टिक बैग में स्टोर करेंगे, तो नमी तेज़ी के साथ बढ़ेगी. जिससे यह जल्दी अंकुरित होगी. इसलिए बेहतर यही है कि इसे किसी ऐसी टोकरी में रखें, जिसके आसपास हवा मौजूद रहे. साथ ही इसे किसी भी नमी वाली चीज़ के साथ स्टोर न करें. वरना उसकी नमी प्याज़ तक पहुंचेगी और इसे अंकुरित कर देगी.