How to Store Potatoes: एक भी नहीं सड़ेगा आलू, बस स्टोर करने के लिए इन 8 घरेलू तरीकों में से किसी एक को अपनाएं 

Aloo Rakhne ka Sahi tarika: अभी आलू के दाम एकदम कम हैं. यदि आपने एक साथ आलू ज्यादा खरीद लिए हैं तो इसे सड़ने को लेकर परेशान मत हों. हम आपको आलू स्टोर करने के कुछ घरेलू तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप महीनों तक आलू को सड़ने से बचा सकते हैं.   

How to Store Potatoes
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:15 PM IST

आलू को सब्जियों का राजा कहा जाता है. भारत में ऐसा कोई रसोई घर नहीं है, जहां आलू का इस्तेमाल न किया जाता हो. अभी सब्जी मंडी में एकदम कम दाम पर आलू मिल रहा है. बाद में आलू की कीमत बढ़ सकती है. ऐसे में आप एक साथ 50 किलोग्राम, एक क्विंटल या इससे भी ज्यादा आलू खरीदकर घर में कहीं स्टोर कर सकते हैं. अब आप सोच रहे होंगे कि आलू को सड़ने और अंकुरित होने से कैसे बचा सकते हैं, तो हम आपको आलू स्टोर करने के कुछ घरेलू तरीकों के बारे में बता रहे हैं.

1. सबसे पहले करें आलू की छंटाई 
आलू को यदि लंबे समय तक सुरक्षित रखना है तो सबसे पहले आपको आलू की छंटाई करनी चाहिए. आलू को स्टोर करने से पहले जिन आलुओं में कट लगा हो, काले धब्बे पड़े हों, अंकुर निकले हों या सड़न के निशान हो, तो ऐसे आलू को अलग कर दें क्योंकि ऐसे आलू अन्य आलुओं को भी खराब कर सकते हैं. साफ और सूखे आलू को ही स्टोर करके रखना चाहिए.

2. आलू को पानी में धोकर न करें स्टोर
आलू में यदि मिट्टी लगी है तो इसे पानी में न धोएं क्योंकि आलू धोकर स्टोर करेंगे तो यह खराब हो सकता है. आलू को धोने पर इसमें नमी रह जाती है, इससे सड़न और फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. यदि आलू पर मिट्टी लगी है तो इसे सूखे कपड़े या फिर ब्रश से साफ कर सकते हैं. आलू को स्टोर करने से पहले एक से दो दिन तक छांव में फैला कर सुखा लें. आलू जब पूरी तरह सूख जाए तभी इसे स्टोर करें. 

3. ऐसी जगह पर आलू को करें स्टोर 
आलू को स्टोर करने के लिए जगह का चुनाव करना भी जरूरी है. आलू को ऐसी जगह पर रखना चाहिए जहां हमेशा ठंडक हो, हवा आती-जाती हो और वहां अंधेरा रहे. आलू को कभी भी तेज रोशनी या धूप में नहीं रखना चाहिए क्योंकि ऐसा करने पर आलू सड़ने लगता है. आलू को कभी भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. आलू को अलमारी के अंदर, बंद कैबिनेट में या बेसमेंट में रख सकते हैं. 

4. आलू को प्याज के साथ न करें स्टोर
आलू को कभी भी प्याज के साथ नहीं रखना चाहिए. प्याज से निकलने वाली एथिलीन गैस आलू को बहुत जल्द खराब कर देती है. आलू से अंकुरण निकलने लगता है. आलू को स्टोर करने के बाद एकदम से भूल मत जाइए. आप हर 10 से 15 दिनों में एक बार आलुओं की जांच अवश्य करें. यदि कोई आलू सड़ा है तो इसे तुरंत फेंक दें क्योंकि सड़ा आलू अन्य आलुओं को भी खराब कर सकता है.

5. सेब के साथ आलू को रखें
आलू को आप सेब के साथ रख सकते हैं. इससे आलू लंबे समय तक खराब नहीं होता है. आप स्टोर किए गए आलुओं के बीच एक से दो सेब  को रख दें. सेब से निकलने वाली प्राकृतिक गैस आलू में अंकुर निकलने की प्रक्रिया को धीमा कर देती है. ध्यान रखें कि समय-समय पर सेब को बदलना जरूरी होता है.

6. प्लास्टिक बैग में न रखें आलू
आलू को रखने के लिए प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल कभी न करें. इसकी जगह पर आप अखबार या पेपर बैग का उपयोग कर सकते हैं. आप आलू को जूट के बोरे या लकड़ी की टोकरी में भी रख सकते हैं. आपको मालूम हो कि प्लास्टिक बैग हवा को अंदर और बाहर आने-जाने नहीं देते हैं. इससे प्लास्टिक बैग के अंदर नमी जमा हो जाती है और आलू सड़ने लगते हैं. उधर, पेपर बैग या अखबार नमी को सोखते हैं और आलू को सूखा रखने में मदद करते हैं.

7. आलू में रखें पुदीने की पत्तियां 
आप जहां आलू स्टोर किए हैं, वहां पर पुदीने की कुछ ताजी पत्तियां रख दें. पुदीने की पत्तियां आलू को अंकुरित होने से रोकने में मदद करती हैं. आपको मालूम हो कि पुदीने कुछ ऐसे कंपाउंड होते हैं, जो एथिलीन गैस को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं. इससे आलू का अंकुरण धीमा हो जाता है. पुदीने की पत्तियां सूख जाएं, तो उन्हें हटाकर फिर ताजी पत्तियां रख दें.

8. आलू को सूखी मिट्टी या रेत में दबाएं
यदि आप कई क्विंटल आलू को स्टोर कर रहे हैं तो आप इस देसी तरीके को अपना सकते हैं. आलू को आप सूखी मिट्टी या रेत में दबाकर रख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले एक बड़े कंटेनर या गहरे बर्तन में सूखी रेत, सूखी मिट्टी या लकड़ी का बुरादा की एक परत बिछाएं. फिर इसके ऊपर आलू की एक परत रखें. इसके बाद आलू के ऊपर रेत व मिट्टी की एक और परत रखें और फिर आलू को रखें. इस तरह से आप परत दर परत आलू को रखें. रेत-मिट्टी आलू को नमी और रोशनी से बचाकर खराब नहीं होने देती है.

 

Read more!

RECOMMENDED