आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स को लेकर अक्सर यह बहस होती है कि भविष्य में मशीनें इंसानों की नौकरियां छीन सकती हैं. लेकिन चीन से सामने आई एक अनोखी वीडियो ने इस बहस को मजाकिया मोड़ दे दिया है. चीन के सिचुआन में एक ह्यूमनॉइड रोबोट सड़क किनारे बैठकर राहगीरों से भीख मांगता नजर आया. इस अनोखे नजारे को देख लोग हैरान रह गए.
सड़क किनारे बैठा यह रोबोट घुटनों के बल बैठा हुआ था और आने-जाने वाले लोगों के सामने हाथ जोड़कर भीख मांग रहा था. उसके सामने एक छोटी प्लेट भी रखी गई थी, जिसमें लोग सिक्के डाल रहे थे. इतना ही नहीं, डिजिटल भुगतान के लिए वहां एक QR कोड भी लगाया गया था. रोबोट पर लगे LED साइन बोर्ड और लाउडस्पीकर से लगातार एक संदेश सुनाई दे रहा था. उसमें कहा जा रहा था, 'मेरे पास फोन चार्ज करने के पैसे नहीं हैं. कृपया बिजली बिल भरने में मेरी मदद करें.'
इस पूरी घटना का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि कई राहगीरों ने रोबोट की प्लेट में सिक्के डाले और कुछ लोगों ने उसका QR कोड स्कैन करके डिजिटल भुगतान भी किया. यही वजह है कि यह अनोखा रोबोट और उसकी 'चंदा मांगने' की कहानी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई है.
कौन है यह रोबोट?
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस रोबोट का नाम Unitree G1 है. इसे चीन की मशहूर रोबोटिक्स कंपनी Unitree ने बनाया है. यही रोबोट इस साल की शुरुआत में इक्वाडोर के प्रसिद्ध Chimborazo ज्वालामुखी पर चढ़ाई करने के कारण चर्चा में आया था. अपनी उन्नत तकनीक और इंसानों जैसी गतिविधियों के कारण यह पहले भी सुर्खियां बटोर चुका है. लेकिन इस बार तो लोग इस रोबोट को पकड़ कर हैरान रह गए.
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रिया
रोबोट को भीख मांगते देख सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर मजे लिए. कई यूजर्स ने मजाक में लिखा कि अब मशीनों ने भिखारियों की नौकरी भी छीननी शुरू कर दी है. कुछ लोगों ने इसे एआई टेकओवर का नया रूप बताया, जबकि कई लोगों का मानना है कि यह किसी कंपनी का प्रचार अभियान या परफॉर्मेंस आर्ट हो सकता है.
ये भी पढ़ें: