यूपी के बुलंदशहर के दौलतपुर गांव में एक युवक ने अपनी जान जाने के डर से अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया. युवक पत्नी से मिली नीले ड्रम में सीमेंट डालकर मारने की धमकी के बाद ये फैसला लेने को मजबूर हुआ.
सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती
जानकारी के अनुसार, राजकुमार नाम के युवक की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी. कुछ समय पहले उसकी पत्नी की सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे और फोन पर भी लंबे समय तक बातचीत करते थे.
विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी
जब पति राजकुमार को इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो उसने इसका विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद उसकी पत्नी ने उसे और उसके भाइयों को जान से मरवाने की धमकी देनी शुरू कर दी. राजकुमार ने पत्नी के फोन में दोनों के आपत्तिजनक फोटो भी देखे, जिससे विवाद और बढ़ गया.
नीले ड्रम में सीमेंट डालने की धमकी से डरा पति
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी ने उसे नीले ड्रम में सीमेंट डालकर मारने की धमकी दी. इस धमकी से वह इतना डर गया कि उसने अपनी जान को खतरे में महसूस किया.
पुलिस में पहुंचा मामला, मिडिएशन में हुआ फैसला
राजकुमार ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद दोनों पक्षों को महिला मिडिएशन सेल में बुलाया गया. यहां बातचीत के दौरान पत्नी का प्रेमी भी पहुंच गया. तीनों पक्षों के बीच चर्चा हुई, जिसमें महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई.
परिवार की सहमति से पत्नी को प्रेमी के साथ भेजा
आखिरकार, राजकुमार और उसके परिवार ने महिला को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी. इसके बाद दोनों वहां से चले गए. राजकुमार का कहना है कि उसने यह फैसला अपनी जान बचाने के लिए लिया. राजकुमार पेशे से मजदूर है और उसका एक बच्चा भी है. इस घटना ने उसके परिवार और गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है.
रिपोर्ट-मुकुल शर्मा
ये भी पढ़ें: