Advertisement

'हम साथ-साथ नहीं हैं...' हनीमून पर परिवार को साथ ले गया पति, पत्नी को नहीं दिया टाइम, अब तलाक तक पहुंचा रिश्ता

मेरठ में हनीमून पर दूल्हा के द्वारा अपने परिवार को साथ ले जाना भारी पड़ गया. दुल्हन परिवार के अन्य लोगों को हनीमून पर साथ ले जाने से नाराज हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि नौबत तलाक की आ गई और मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया.

family on honeymoon (AI-generated photo)
gnttv.com
  • मेरठ,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:34 AM IST
  • हनीमून पर परिवार को साथ ले गया पति
  • हनीमून पर परिवार को साथ ले गया पति

फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' तो आपको याद ही होगी...ये भी याद होगा कि कैसे फिल्म में पूरा परिवार हनीमून पर साथ जाता है और एकसाथ खुशियां मनाता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ में ऐसा ही एक मामला असल जिंदगी में पति-पत्नी के रिश्ते पर भारी पड़ गया. हनीमून पर पति अपने माता-पिता, भाई और बहन को साथ ले गया. इससे नाराज पत्नी ने तलाक की मांग कर दी. मामला अब काउंसलिंग सेंटर तक पहुंच चुका है.

पत्नी बोली- हमें अकेले समय ही नहीं मिला
जानकारी के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद कपल हनीमून पर गया. पत्नी का आरोप है कि पति अपने पूरे परिवार को भी साथ ले गया. उसका कहना है कि हनीमून पति-पत्नी के लिए एक-दूसरे को समझने और रिश्ता मजबूत करने का मौका होता है. पत्नी ने काउंसलर को बताया कि परिवार के सदस्यों की मौजूदगी के कारण उसे पति के साथ अकेले समय बिताने का मौका ही नहीं मिला. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़ों में बदल गया.

पति का तर्क- परिवार की खुशी भी जरूरी
वहीं पति का कहना है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया. पति का मानना है कि वह परिवार के सभी लोगों को खुश रखना चाहता था, इसलिए उन्हें भी साथ ले गया. उसका कहना है कि माता-पिता और भाई-बहन को हनीमून पर ले जाने में कुछ भी गलत नहीं है. यही सोच दोनों के बीच सबसे बड़ा मतभेद बन गई है.

तीन बार हुई काउंसलिंग, फिर भी नहीं बनी बात
मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचने के बाद अब तक तीन बार काउंसलिंग हो चुकी है. हालांकि दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं. हाल ही में एक और बैठक हुई, जिसमें काउंसलरों ने दंपती को रिश्ते के भविष्य पर सोचने के लिए कुछ समय दिया है. फिलहाल कोई समझौता नहीं हो पाया है.

मैट्रिमोनियल वेबसाइट से हुई थी शादी
यह मामला मेरठ जिले के रामराज क्षेत्र की रहने वाली महिला और दिल्ली के पटेल नगर निवासी युवक का है. महिला ग्रेजुएट है, जबकि युवक ने सिंगापुर से हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की पढ़ाई की है.

दोनों की शादी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए तय हुई थी. परिवार को उम्मीद थी कि शादी के बाद दोनों नई जिंदगी की अच्छी शुरुआत करेंगे. लेकिन हनीमून को लेकर हुआ विवाद अब उनके रिश्ते को तलाक की दहलीज तक ले आया है.

-उस्मान चौधरी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement