'गरम चाय की प्याली हो…' भारत में यह सिर्फ गाना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. सुबह की शुरुआत हो, ऑफिस का ब्रेक हो, ट्रेन का सफर हो या दोस्तों की गपशप, चाय हर मौके की साथी बन जाती है. अब भारतीयों की इसी पसंदीदा मसाला चाय को दुनिया की सबसे बेहतरीन चाय का दर्जा मिला है.
ग्लोबल फूड और बेवरेज गाइड TasteAtlas ने अपनी मई एडिशन की Top 100 Teas in the World लिस्ट जारी की है, जिसमें भारत की मसाला चाय को पहला स्थान मिला है. खास बात यह है कि मसाला चाय ने जापान और चीन की कई मशहूर चायों को पीछे छोड़ दिया.
दुनिया में क्यों खास मानी गई मसाला चाय?
TasteAtlas के मुताबिक मसाला चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि फ्लेवर का शानदार कॉम्बिनेशन है. इसमें CTC चायपत्ती, दूध, चीनी और कई तरह के मसालों का इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि इसका स्वाद बाकी साधारण चायों से अलग माना जाता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि लंबे समय तक दुनिया में हल्की ग्रीन टी और ब्लैक टी को ज्यादा प्रीमियम माना जाता था. लेकिन अब लोग मजबूत और मसालेदार फ्लेवर को भी पसंद करने लगे हैं.
इन भारतीय चायों को भी मिली जगह
मसाला चाय-पहला स्थान
दार्जिलिंग टी-छठा स्थान
असम चाय-13वां स्थान
केरल की सुलेमानी चाय-39वां स्थान
हिमाचल की कांगड़ा चाय-41वां स्थान
जम्मू-कश्मीर की नून चाय-43वां स्थान
मसाला चाय बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
2 कप पानी
1 कप दूध
2 चम्मच CTC चायपत्ती
2 से 3 चम्मच चीनी
1 छोटा टुकड़ा अदरक
2 इलायची
1 छोटा टुकड़ा दालचीनी
2 लौंग
थोड़ा सा काली मिर्च पाउडर
ऐसे बनाएं एकदम परफेक्ट मार्केट जैसी मसाला चाय
सबसे पहले पानी को पतीले में गर्म करें. इसमें कुटी हुई अदरक, इलायची, दालचीनी, लौंग और काली मिर्च डालकर 2 से 3 मिनट उबालें. इसके बाद चायपत्ती और चीनी डालें.
अब इसमें दूध मिलाएं और चाय को अच्छी तरह उबलने दें.
जब चाय का रंग गहरा हो जाए और मसालों की खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें.
चाय को छानकर गरमा-गरम सर्व करें.