महिला हो या पुरुष हर किसी की चाहत लंबे, घने और चमकदार बालों की होती है लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत डाइट और बढ़ते प्रदूषण के कारण हेयर फॉल की समस्या आम बन गई है. आज के समय हर दूसरा व्यक्ति अपने बालों के टूटने और झड़ने से परेशान है. कई लोग बालों को झड़ने से रोकने के लिए महंगे शैम्पू, कंडीशनर और हेयर स्पा ट्रीटमेंट पर हजारों रुपए खर्च कर देते हैं, लेकिन बाल झड़ने कम नहीं होते हैं. यदि आपके भी बाल झड़ रहे हैं तो आप मेथी के पानी में कुछ नेचुरल चीजें मिलाकर बालों पर लगाकर हेयर फॉल से छुटकारा पा सकते हैं या सकती हैं.
आपको मालूम हो कि आयुर्वेद में मेथी को बालों के लिए वरदान माना गया है. मेथी में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन, निकोटिनिक एसिड और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं. मेथी का पानी स्कैल्प में मौजूद डैंड्रफ को भी खत्म करने में मदद करता है और बालों को शाइन देता है. मेथी में मौजूद पोटेशियम समय से पहले सफेद हो रहे बालों की समस्या से भी छुटकारा दिलाता है. हम आपको मेथी में मिलाकर लगाने वाली ऐसी 5 चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिससे बालों का झड़ना तो रुकेगा ही साथ बाल का तेजी से ग्रोथ भी होगा.
मेथी के पानी में मिलाकर लगाएं ये चीजें
1. मेथी का पानी और एलोवेरा जेल
यदि आप बालों को झड़ने से परेशान हैं तो आप मेथी के पानी में एलोवेरा जेल को मिलाकर लगा सकते हैं.आपको मालूम हो कि एलोवेरा जेल बालों को मॉइस्चर देता है और स्कैल्प की खुजली को भी शांत करता है. एलोवेरा जेल और मेथी का पानी बालों को सिल्की और मजबूत बनाता है.
2. मेथी का पानी और प्याज का रस
यदि आपके बाल टूट रहे हैं तो आप बालों में मेथी का पानी और प्याज का रस मिलाकर लगा सकते हैं. आपको मालूम हो कि प्याज के रस में सल्फर पाया जाता है, जो बालों को झड़ने से रोकने और नए बालों को उगाने में मदद करता है. बाल झड़ रहे हैं तो मेथी के पानी में बराबर मात्रा में प्याज का रस मिलाकर जड़ों में लगाएं. इससे बालों का टूटना तुरंत कम हो जाएगा.
3. मेथी का पानी और नींबू का रस
यदि डैंड्रफ की वजह से आपके बाल झड़ रहे हैं तो आपको तुरंत मेथी के पानी में नींबू का रस मिलाकर बालों पर लगाना चाहिए. आपको मालूम हो कि नींबू के रस में विटामिन सी होता है, जो स्कैल्प को साफ रखता है और इन्फेक्शन से बचाता है.
4. मेथी का पानी और कैस्टर ऑयल
यदि आपके बाल झड़ रहे हैं और आप बालों की जड़ों को मजबूती देना चाहते हैं तो मेथी के पानी में एक छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल मिलाकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसे अपने बालों पर लगाएं. आधे घंटे के बाद बालों को पानी से धो लें. आपको मालूम हो कि कैस्टर ऑयल बालों को घना बनाने और जड़ों को नरिशमेंट देने में बहुत लाभ पहुंचाते हैं.
5. मेथी का पानी और करी पत्ता
आप बालों को झड़ने से रोकने के लिए मेथी का पानी और करी पत्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको मेथी के पानी को उबालना होगा. उबालते समय ही मेथी के पानी में कुछ करी पत्ते डाल दें. करी पत्ते में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स बालों के कूप यानी कि फॉलिकल्स को मजबूत करते हैं. इससे बालों का झड़ना रुक जाता.
ऐसे करें इस्तेमाल
मेथी के पानी से ऊपर के बताए गए नुस्खे को तैयार करने के लिए आपको सबसे पहले दो चम्मच मेथी दाने को एक ग्लास पानी में रातभर के लिए भिगोकर रखना होगा. इसके बाद सुबह इस मेथी पानी को धीमी आंच पर तब तक उबालना होगा जब तक पानी उबलकर आधा न रह जाए. अब इस पानी को छानकर ठंडा कर लें. इसके बाद ऊपर बताई गई पांचों चीजों में से अपनी पसंद या जरूरत के अनुसार कोई भी एक या दो चीज इस मेथी पानी में मिला लें. इसके बाद इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भर लें या कॉटन की मदद से सीधे अपने बालों की जड़ों में अच्छे से लगाएं. फिर हल्के हाथों से पांच मिनट तक मसाज करें. इसके बाद इसे एक घंटे के लिए बालों में लगा रहने दें. फिर किसी माइल्ड या हर्बल शैंपू से बालों को अच्छी तरह धो लें. आपको मालूम हो कि अच्छा रिजल्ट पाने के लिए सप्ताह में कम से कम दो बार ऊपर में बताए गए किसी भी विधि का इस्तेमाल जरूर करें.