यूपी के झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक गरीब पति अपनी पत्नी का शव स्ट्रेचर पर रखकर घंटों मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में परेशान होता रहा. उसके पास शव को घर ले जाने के लिए पैसे नहीं थे. बारिश के बीच वह मदद का इंतजार करता रहा. इस दौरान उसकी करीब 8 साल की बेटी अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही. शव के पैरों के पास एक कुत्ते का बच्चा भी बैठा रहा. यह पूरा मामला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के पास बनी पार्किंग का बताया गया है.
उम्मीद थी कि किसी तरह मिल जाएगी मदद
पति अपनी पत्नी का शव लेकर घर जाना चाहता था, लेकिन उसके पास इसके लिए पैसे नहीं थे. इसी वजह से वह शव को स्ट्रेचर पर रखकर पार्किंग में ही बैठा रहा. उसे उम्मीद थी कि किसी तरह मदद मिल जाएगी. मध्य प्रदेश के ओरछा में रहने वाले राहुल आदिवासी की पत्नी रामवती बीमार थीं. राहुल के मुताबिक वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए ओरछा अस्पताल गया था. वहां पत्नी की हालत गंभीर होने के बाद उसे झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. राहुल ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं थे. इसके बावजूद डॉक्टर ने पैसे देकर टैक्सी की व्यवस्था की और उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया. राहुल के साथ उसकी करीब 8 साल की बेटी नंदनी भी थी.
शव स्ट्रेचर पर रखकर घंटों बैठा रहा पति
यह परिवार ओरछा से इलाज कराने झांसी आया था. परिवार मेडिकल कॉलेज पहुंचा, लेकिन यहां डॉक्टरों ने रामवती को मृत घोषित कर दिया. पत्नी की मौत के बाद राहुल के सामने अब सबसे बड़ी परेशानी शव को घर ले जाने की थी. उसके पास इसके लिए पैसे नहीं थे. राहुल अपनी पत्नी का शव स्ट्रेचर पर रखकर मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में बैठ गया. उसके मुताबिक वह एक घंटे से ज्यादा समय से वहीं था. बारिश के बीच वह शव वाहन या किसी मदद का इंतजार करता रहा. एक तरफ पत्नी का शव था, दूसरी तरफ छोटी बेटी थी. बेटी अपनी मां को देखकर रो रही थी. राहुल के पास न तो शव को घर ले जाने के लिए पैसे थे और न ही कोई दूसरा साधन.
और शव एंबुलेंस से घर भेजवाया गया
मां की मौत के बाद वह मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में शव के पास रो रही नंदनी ने बताया कि यह उसकी मम्मी हैं. वह बीमार थीं और उनकी मौत हो गई. मासूम बच्ची को शायद यह भी अंदाजा नहीं था कि परिवार के सामने अब शव को घर ले जाने की कितनी बड़ी परेशानी खड़ी है. इसी दौरान शव के पैरों के पास कुत्ते का एक बच्चा भी बैठा रहा. बारिश बंद होने के बाद मेडिकल कॉलेज चौकी का सिपाही अजय बाहर आया. उसकी नजर पार्किंग में स्ट्रेचर पर रखे शव और उसके पास बैठे परिवार पर पड़ी. स्थिति देखकर सिपाही ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलवाई. इसके बाद रामवती के शव को एम्बुलेंस से उसके घर भिजवाया गया. मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज के सीएमएस सचिन माहौर से बात की गई. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में किसी मरीज की मौत होने पर अगर परिजन शव वाहन की मांग करते हैं तो वाहन उपलब्ध कराया जाता है. सीएमएस ने कहा कि संभव है कि डॉक्टर ने शव परिजनों को हैंडओवर किया हो, लेकिन परिजनों ने शव वाहन की जरूरत के बारे में नहीं बताया हो. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद इस मामले की जांच कराई जाएगी.