एक्वेरियम की मछलियां मरने से आहत युवक ने दे दी जान, मरी मछलियों को देख गुस्से में मां से पूछा- लाइट किसने बंद की थी?

मामला कानपुर के कैंटोनमेंट इलाके का है. यहां रहने वाले नाथूलाल के बेटे कृष्णकांत को मछलियां पालने का बेहद शौक था. उसने घर में चार बड़े एक्वेरियम लगा रखे थे. इनमें कई विदेशी प्रजाति की मछलियां थीं

Kanpur news
gnttv.com
  • कानपुर,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:29 AM IST

कानपुर में एक्वेरियम में मछलियां पालने के शौक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. विदेशी प्रजाति की मछलियों का शौकीन एक युवक अपनी कुछ मछलियों की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों का कहना है कि अगर मछलियां मर भी गई थीं तो दोबारा खरीदी जा सकती थीं, लेकिन बेटे के जाने का दुख कभी पूरा नहीं होगा.

चार एक्वेरियम में पाल रखी थीं विदेशी मछलियां
मामला कानपुर के कैंटोनमेंट इलाके का है. यहां रहने वाले नाथूलाल के बेटे कृष्णकांत को मछलियां पालने का बेहद शौक था. उसने घर में चार बड़े एक्वेरियम लगा रखे थे. इनमें कई विदेशी प्रजाति की मछलियां थीं, जिन्हें वह काफी खर्च करके लाया था. परिवार के लोग भी उसकी इस हॉबी को पसंद करते थे.

लाइट बंद होने से मर गईं कुछ मछलियां
कृष्णकांत की मां ममता के अनुसार, शनिवार को वह ऊपर कमरे में फोन पर बात कर रहा था. कुछ देर बाद नीचे आया तो देखा कि एक्वेरियम की लाइट बंद है. इसी दौरान उसमें मौजूद कुछ मछलियां मर चुकी थीं.

कृष्णकांत ने पहले मरी हुई मछलियों को बाहर निकाला. इसके बाद उसने मां से पूछा कि एक्वेरियम की लाइट किसने बंद की थी. मां ने जवाब दिया कि शायद किसी ने गलती से स्विच ऑफ कर दिया होगा. यह सुनने के बाद वह नाराज होकर वापस अपने कमरे में चला गया.

कुत्ते के पट्टे से फंदा बनाकर कर ली आत्महत्या
दोपहर के समय मृतक की मां ने अपनी पोती से कहा कि वह ऊपर जाकर चाचा को खाना खाने के लिए बुला लाए. मासूम बच्ची जब कमरे में पहुंची, तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए. युवक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था. चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. युवक ने घर में ही रखे पालतू कुत्ते के पट्टे को फंदा बनाकर आत्महत्या की थी.

मछलियों की मौत से गहरे सदमे में था युवक
परिजनों के मुताबिक, मृतक को कुत्ता और मछलियां पालने का बेहद शौक था. उसने बड़े जतन से विदेशी प्रजाति की कुछ महंगी मछलियां खरीदी थीं और उन्हें घर के एक्वेरियम में रखा था. अज्ञात कारणों से एक्वेरियम की लाइट बंद हो गई, जिससे पानी में ऑक्सीजन या तापमान असंतुलित होने के कारण उसकी सभी पसंदीदा विदेशी मछलियां मर गईं. मछलियों की मौत से युवक गहरे सदमे और डिप्रेशन में चला गया था, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.

शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस अधिकारी अमित चौरसिया के मुताबिक कृष्णकांत नाम के एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है. शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

-रंजय सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED